ETV Bharat / state

भिवानी में दिखेगी “मिनी चंडीगढ़” की झलक, शहर में लगेगा म्यूजिक सिस्टम और डिजिटल एलईडी स्क्रीन

भिवानी शहर में मुख्य चौराहों पर म्यूजिक सिस्टम और एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे. शहर को चंडीगढ़ के तर्ज पर सजाया जाएगा.

BHIWANI CITY BEAUTIFICATION
भिवानी में दिखेगी “मिनी चंडीगढ़” की झलक (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 26, 2026 at 2:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: नगर परिषद ने भिवानी शहर को और अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए एक विशेष योजना तैयार की है. इस योजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर चंडीगढ़ की तर्ज पर म्यूजिक सिस्टम लगाए जाएंगे, जिन पर मधुर धुनों के साथ नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की जाएगी. साथ ही, शहर के डिवाइडरों और बस क्यू शैल्टरों पर डिजिटल एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएंगी, जिन पर नगर परिषद और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

म्यूजिक सिस्टम से जागरूकता: चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने बताया कि, "नगर परिषद द्वारा शहर में स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. योजना के तहत शहर के 14 पुराने कचरा प्वाइंट हटाए गए हैं और उनके स्थान पर नई सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण जारी है और ऑटो टिपर के माध्यम से नागरिकों से जगह-जगह कचरा न फेंकने की अपील की जाती है. अब इस प्रयास को और प्रभावी बनाने के लिए म्यूजिक सिस्टम का उपयोग किया जाएगा."

शहर में लगेगा म्यूजिक सिस्टम और डिजिटल एलईडी स्क्रीन (Etv Bharat)

प्रमुख चौराहों का चयन: भिवानी शहर में रोहतक गेट पर महाराजा अग्रसेन चौक, महाराणा प्रताप चौक हांसी गेट, पंडित नेकीराम शर्मा चौक घंटाघर, लाला लाजपत राय चौक, सर छोटूराम चौक, महर्षि वाल्मीकि चौक, भगवान परशुराम चौक, शहीद भगत सिंह चौक और चंद्रशेखर आजाद चौक जैसे प्रमुख चौराहे हैं. नगर परिषद इन सभी चौराहों पर म्यूजिक सिस्टम लगाने की योजना बना रही है. इन सिस्टमों पर शहर की स्वच्छता और सुंदरता के लिए नागरिकों से नियमित अपील की जाएगी.

डिजिटल एलईडी स्क्रीन से प्रचार-प्रसार: योजना के अनुसार, सरकुलर रोड, हांसी रोड, रोहतक रोड और अन्य मुख्य मार्गों पर नगर परिषद के पोलों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी. इन स्क्रीन के माध्यम से अब शहर में अक्सर नजर आने वाले होर्डिंग और फ्लेक्स से निजात मिलेगी. इसके अतिरिक्त, बस क्यू शैल्टरों के पास बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिन पर नगर परिषद और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी. इससे शहर की सुंदरता और साथ ही आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी.

स्वागत द्वार का निर्माण: शहर में आने वाले नागरिकों का स्वागत करने के लिए रोहतक रोड और हांसी रोड पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे. प्रारंभ में ये द्वार कंक्रीट से बनाने का विचार था, लेकिन निर्माण में समय अधिक लगने के कारण इन्हें लोहे से तैयार करने का निर्णय लिया गया. इन द्वारों में आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था होगी, जिससे शाम के समय यह क्षेत्र और भी आकर्षक नजर आएगा.

योजना को मंजूरी के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया: नगर परिषद की चेयरपर्सन प्रीति और प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह की देखरेख में यह विशेष योजना तैयार की गई है. योजना को नगर परिषद हाउस में रखा जाएगा और हाउस से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. इस योजना में शहर के मुख्य चौराहों पर म्यूजिक सिस्टम और एलईडी स्क्रीन लगाना शामिल है. इसके लागू होने से न केवल शहर की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण में भिवानी की रैंकिंग भी बेहतर होगी.

नागरिकों के लिए संदेश: चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना में सहयोग करें और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद करें. नगर परिषद की यह पहल भिवानी को “मिनी चंडीगढ़” का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

ये भी पढ़ें:जींद पुलिस की अनोखी पहल: कॉलेज छात्रा बनाया एक दिन के लिए थाना प्रभारी