ETV Bharat / state

निकाय चुनाव 2026: भीनमाल से भाजपा की निर्विरोध जीत, मदन राठौड़ बोले- जनता का भरोसा हुआ और मजबूत

भीनमाल नगरपालिका के वार्ड 11 से निर्विरोध जीते दीपक देवासी वर्ष 2019-20 में छात्र संघ अध्यक्ष रह चुके हैं.

Local Body Elections 2026
बीजेपी का कांग्रेस पर प्रहार (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : September 1, 2026 at 11:10 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: नगरपालिका चुनाव में जालोर के भीनमाल में वार्ड संख्या 11 से भाजपा प्रत्याशी दीपक देवासी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. इस जीत से उत्साहित पार्टी ने इसे आगामी निकाय चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत बताया है. प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बयान जारी कर कहा कि भीनमाल की जीत संकेत है कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत हो रहा है. आगामी चुनावों में जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी और बड़ी संख्या में निकायों में कमल खिलेगा.भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं निकाय चुनाव सह प्रभारी रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता जानती है कि भाजपा का अर्थ भाईचारा, संगठन और विकास है, जबकि कांग्रेस का अर्थ आपसी कलह और अंतर्कलह बनकर रह गया है.

राठौड़ ने कहा कि संगठन ने टिकट वितरण निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा किया है. प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के निर्णय पर भरोसा है और कार्यकर्ता एकजुटता से प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए मैदान में उतरेंगे. राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देकर काम कर रही है. आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, रोजगार, किसान हित, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण की दिशा में लगातार काम हो रहा है. कार्यों से विकास का वातावरण बना है और योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है.

पढ़ें: भीलवाड़ा में अटके कांग्रेस के 17 सिंबल, RO ने कहा- देरी से पहुंचे इसलिए किया इनकार...बाड़मेर में उपसभापति का कांग्रेस से इस्तीफा

सह प्रभारी रोहन गुप्ता बोले कांग्रेस का अर्थ आपसी कलह: गुप्ता ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी कांग्रेस में टिकट और नेतृत्व को लेकर खींचतान जनता से छिपी नहीं है, इसके विपरीत भाजपा ने प्रक्रिया संगठनात्मक तरीके से पूरी की है. कांग्रेस को जब सत्ता की संभावना दिखती है तो विवाद शुरू हो जाते हैं. उन्होंने राजस्थान के साथ बिहार और पंजाब का जिक्र करते हुए कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर सवाल उठाए.

सत्ता मलाई खाने का अवसर नहीं: गुप्ता ने कहा कि चुनाव सेवा का माध्यम है, न कि सत्ता हासिल कर मलाई खाने का अवसर. भाजपा और कांग्रेस की राजनीति में यही मूल अंतर है. भाजपा संगठन और सेवा की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस में सत्ता और टिकट को लेकर संघर्ष दिखता है. उन्होंने बताया कि निकाय चुनावों में जनता का समर्थन मिलेगा और नगर निगमों सहित स्थानीय निकायों में भाजपा को बहुमत मिलेगा. गुप्ता ने दावा किया कि जनता ने मन बना लिया है कि स्थानीय सरकार में भी भाजपा को मजबूत किया जाए. आगामी चुनावों में हर निकाय में भगवा लहराएगा और कांग्रेस का पूरी तरह बंटाधार होगा. उन्होंने चुनाव को ट्रिपल इंजन सरकार के नैरेटिव से जोड़ते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और स्थानीय निकायों में भाजपा सरकार होने से विकास को गति मिलेगी.

यह भी पढ़ें: अजमेर नगर निगम: बगावत के डर से आखिरी समय तक रोके रखी सूचियां, बड़ी संख्या में उतरे निर्दलीय, अब डैमेज कंट्रोल चुनौती

राजनीति में सक्रिय रहे हैं देवासी: भीनमाल नगरपालिका के वार्ड 11 से निर्विरोध जीते दीपक देवासी का छात्र राजनीति और संगठन में भी सक्रिय जुड़ाव रहा है. वे वर्ष 2019-20 में छात्र संघ अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में प्रांत कार्य समिति के सदस्य और नगर मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.