भिंड में खूनी होली!, खेत पर काम कर रहे 78 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या
भिंड में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, पहले लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी मारकर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 12:50 PM IST
भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड में होली के दिन खूनी वारदात सामने आई है. ऊमरी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की बेरहमी से कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई है. ये मर्डर हत्या का बदला लेने के लिए किया गया है. आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पहले पीटा फिर सिर में मारी कुल्हाड़ी
असल में घटना बिलाव गांव की है, जहां खेतों पर काम कर रहे 78 वर्षीय वृद्ध रामसिया यादव को दो लोगों ने धारदार हथियार सिर में मार कर मौत के घाट उतार दिया. हत्या का आरोप गांव के रहने वाले गोधन यादव और करू यादव पर लगा है, बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रामसिया यादव के साथ पहले तो लाठी डंडों से मारपीट की, फिर सिर में कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए.
पिता की हत्या का बदला लेने की बात कह रहे थे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी से पता चला की ग्रामीणों ने हत्या के बाद आरोपियों को भागते हुआ देखा था. ग्रामीणों के अनुसार आरोपी हत्या के बाद जब भाग रहे थे, तब उन्हें भागते हुए ग्रामीणों ने सुना कि आरोपी कह रहे थे कि उन्होंने अपने पिता की मौत का बदला ले लिया.

आरोपियों के पिता की हत्या से नहीं था मृतक का संबंध
घटना के चश्मदीद और मृतक के बेटे राजेंद्र सिंह ने बताया कि "हत्या के आरोपी गोधन यादव के पिता की 15 साल पहले हत्या कर दी गई थी. जिसमें आरोपी पकड़े गए और उनको सजा भी हुई, लेकिन उसके पिता रामसिया या उसके परिवार के किसी भी सदस्य का नाम उस घटना में शामिल नहीं था. ऐसे में आरोपियों द्वारा उनके पिता की हत्या में बदला लेने जैसी बात कहना समझ से परे है."
- होलिका दहन में जलेगी सोनम रघुवंशी की साड़ी, राजा की मां बोली-मेरे बेटे के साथ खेली खून की होली
- होली पर चली गोली, पत्नी के बगल में पति की मौत, परिजनों ने पड़ोसी पर लगाए हत्या के आरोप
पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के वक्त शराब के नशे में थे और खून की होली खेल कर फरार हो गए. घटना की जानकारी में मिलते ही मौके पर पहुंची ऊमरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है. मर्ग कायम कर मामले की विवेचन शुरू कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं.

