3 करोड़ 20 लाख रुपये का अवैध अफीम डोडा-चूरा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई. 2100 किलो से अधिक डोडा-चूरा जब्त. चित्तौड़गढ़ में 267 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा पकड़ा.

Published : November 25, 2025 at 8:23 PM IST
भीलवाड़ा: जिले की आसींद थाना पुलिस ने मंगलवार को नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से कपास के काकड़े (कॉटन शीड्स) की आड़ में नशे की खेप तस्करी मामले में कारवाई करते हुए 2129 किलो 620 ग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा जब्त कर तस्करी करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा जब्त किए गए अवैध अफीम डोडा-चूरा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत आंकी गई है.
भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम को लेकर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित कर रखा है. आसींद केडीवाईएसपी ओमप्रकाश के सुपरविजन में आसींद थाना अधिकारी हंसपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. जिसके बाद आसींद पुलिस थाने के बाहर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने भीलवाड़ा की ओर से आ रहे एक ट्रक को रुकवाया. ट्रक रोकते ही चालक और उसमें बैठे दो अन्य व्यक्ति घबरा गए, जिससे पुलिस को उन पर शक हुआ.
पढ़ें : भीलवाड़ा पुलिस ने जब्त किया 1.5 करोड़ से ज्यादा का अवैध अफीम डोडा चूरा
पूछताछ में उन्होंने ट्रक में कपास के काकड़े होने की बात कही, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते जब गाड़ी की गहन तलाशी ली गई तो उसमें छिपाए गए 103 काले व पीले रंग के प्लास्टिक के कट्टों में 2129 किलो 620 ग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद हुआ. वहीं, पुलिस ने मौके पर ही तीन आरोपियों जिसमें ट्रक मालिक, चालक व खलासी बाड़मेर जिले के नागाणा थाना क्षेत्र की देवेंद्र पिता मोहनलाल ढाढी, बालोतरा जिले की बायतु थाना क्षेत्र के पारस पिता चिन्नाराम ढाढी व बाड़मेर ग्रामीण के रोहिली पुलिस थाना क्षेत्र की बशीर पिता हमजा खान मुसलमान को गिरफ्तार किया है. वहीं, आसींद थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल, पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है कि यह माल कहां से लाया गया था और किस नेटवर्क को सप्लाई होना था. साथ ही इस तस्करी गैंग के पीछे छिपे बड़े सरगनाओं तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है. आसींद पुलिस ने अफीम डोडा-चूरा परिवहन कर रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है.
चित्तौड़गढ़ में दूध टैंकर की आड़ में तस्करी : बस्सी थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक दूध टैंकर में परिवहन किया जा रहा 267 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पाउडर वाले दूध के नीचे टैंकर में डोडा-चूरा की तस्करी कर रहा था, लेकिन जिला स्पेशल टीम ने पिकअप टैंकर में दूध के नीचे बनाए गुप्त चेंबर को ढूंढ निकाला.

