भीलवाड़ा में बवाल : जहाजपुर के धौड़ में पथराव, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
मंदिर की धर्मशाला की दीवार हटाने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया...

Published : July 7, 2026 at 8:18 PM IST
भीलवाड़ा: जहाजपुर थाना क्षेत्र की धौड़ गांव में मंगलवार को एमडीआर-419 सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाने की कारवाई के दौरार विवाद हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासनिक दल पर पथराव कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश कर मामला शांत किया. वहीं, इस घटना के दौरान तहसीलदार रवि कुमार मीणा, एसआई देवराज सहित पुलिस एवं प्रशासनिक लवाजमा मौके पर मौजूद रहा साथ ही पुलिस ने मामले में कारवाई करते हुए दो लोगों को डिटेन किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.
पढ़ें : डीएनटी समाज के आंदोलन में पथराव, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 15 लोग शांतिभंग में गिरफ्तार
शाहपुरा एएसपी राजेश आर्य ने कहा कि जहाजपुर क्षेत्र में एमडीआर-419 सड़क का चौड़ीकरण कार्य नेशनल हाईवे-52 स्थित देवा का खेड़ा से धौड़ होते हुए नेशनल हाईवे-148डी तक लगभग 22 किलोमीटर लंबाई में प्रगतिशील है. इसी परियोजना के तहत सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कारवाई की जा रही है.
इस दौरान धौड़ में मंदिर धर्मशाला की दीवार हटाने पर ग्रामीण व पुलिस प्रशासन आमने-सामने हो गया, जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया. पुलिस ने स्थिति संभालते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तीतर-बितर किया. मामले की जांच की जा रही है.

