भिलाई सिस्कोल फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, जॉब हैंडलिंग के दौरान भारी चीज गिरने से मजदूर की मौत
घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने फैक्ट्री में प्रदर्शन किया. फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 20, 2026 at 10:38 AM IST
दुर्ग: भिलाई के हथखोज स्थित सिस्कोल फैक्ट्री में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. फैक्ट्री के यूनिट-3 में जॉब हैंडलिंग के दौरान भारी चीज मजदूर के ऊपर गिर गई. हादसे में 40 वर्षीय मजदूर राजेश निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. राजेश की मौत से उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.
शाम को घटना हुई. सिसकोल के यूनिट 3 में जॉब हैंडिलंग के दौरान एक मजदूर राजेश निर्मलकर पर जॉब आ गई. वह धमधा का रहने वाला है. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. - प्रशांत सिंह, सीएसपी छावनी
श्रमिकों का फैक्ट्री में प्रदर्शन
फैक्ट्री में हुए हादसे के बाद मृतक के परिजनों और साथी मजदूरों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में मजदूर और परिवार के लोग फैक्ट्री पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. पूर्व पार्षद ने कहा कि फैक्ट्री में आए दिन हादसे होते हैं और यह इसी जगह पर हुई दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले भी भारी सामान गिरने से एक मजदूर की मौत हो चुकी है.

फैक्ट्री प्रबंधन पर आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि सेफ्टी के नाम पर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. परिवार ने कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है और प्रबंधन से बातचीत की जा रही है.

फैक्ट्री में लगातार हादसे हो रहे हैं. ये सेफ्टी नाम की कोई चीज नहीं है - तुलसी पटेल, पूर्व पार्षद
भिलाई 3 पुलिस कर रही मामले की जांच
वहीं सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि भिलाई-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


