भिलाई में 41वां भव्य रामनवमी महोत्सव, श्रीराम चौक में 1100 ध्वजवाहकों का सम्मान
भिलाई में रामनवमी महोत्सव को लेकर बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किया गया. इस दौरान ध्वजवाहकों का सम्मान किया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 22, 2026 at 8:55 PM IST
दुर्ग: जिले के भिलाई में श्रीराम जन्मोत्सव समिति की ओर से आयोजित रामनवमी महोत्सव अब मध्य भारत का बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है. इस वर्ष यह आयोजन 41वें वर्ष में प्रवेश कर गया. श्रीराम चौक, खुर्सीपार मैदान में 1100 से अधिक ध्वजवाहकों और झांकी प्रमुखों का सम्मान किया गया. हर साल की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए.
40 वर्षों से लगातार निकल रही भव्य शोभायात्रा
समिति पिछले 40 वर्षों से रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकाल रही है. शुरुआत में यह यात्रा छोटे स्तर पर निकाली गई थी, लेकिन समय के साथ यह विशाल रूप ले चुकी है. आज इसमें हजारों लोग ध्वज लेकर शामिल होते हैं.

प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने बताई शुरुआत की कहानी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, समिति के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि वर्ष 1986 में जब इस यात्रा की शुरुआत हुई थी, तब भिलाई के कई इलाके आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े थे. उन्होंने बताया कि उस समय कुछ दर्जन लोग साइकिल और मेटाडोर में भगवान श्रीराम की तस्वीर लेकर निकले थे. वही यात्रा आज हजारों ध्वजवाहकों की विराट शोभायात्रा बन चुकी है.
यह आयोजन अयोध्या आंदोलन से प्रेरित जनजागरण का परिणाम है. आज यह विश्व का प्रमुख तीर्थ स्थल बन गया है, जहां करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. इससे पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिला है.- प्रेम प्रकाश पांडे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष

एक मुट्ठी दान अभियान बना एकता का प्रतीक
समिति द्वारा चलाया जा रहा “एक मुट्ठी दान श्रीराम के नाम” अभियान भी लोगों को जोड़ रहा है. इस अभियान के तहत घर-घर से अन्न एकत्र कर महाप्रसाद तैयार किया जाता है. यह सामाजिक एकता और सहयोग का संदेश देता है.
नई पीढ़ी तक पहुंचा आयोजन
युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि यह आयोजन अब तीसरी और चौथी पीढ़ी तक पहुंच चुका है. भिलाई, जिसे “मिनी इंडिया” कहा जाता है, में रामनवमी के दिन हजारों श्रद्धालु ध्वज लेकर रामलीला मैदान तक पहुंचते हैं. समिति का संकल्प है कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलते हुए आने वाले वर्षों में यह आयोजन और भी भव्य बनाया जाएगा.

