भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन में हादसा, हाइड्रा की चपेट में आने से 24 वर्षीय मजदूर की मौत
भिलाई की एक फैक्ट्री में मजदूर की मौत से औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. मजदूर अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 9, 2026 at 9:57 PM IST
भिलाई: शहर के हाथखोज इलाके में स्थित भिलाई इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (BEC) में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?: फैक्ट्री में काम कर रहे 24 वर्षीय मजदूर उदित मांझी हाइड्रा मशीन की चपेट में आ गए. काम के दौरान अचानक हाइड्रा वाहन उनके पैर के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारियों ने उदित को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
परिवार का इकलौता सहारा था उदित: जैसे ही हादसे की खबर परिजनों और मोहल्ले वालों को मिली, वे बड़ी संख्या में पहले कंपनी और फिर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उदित अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था. परिवार पहले ही एक बेटे को खो चुका था. उदित की मां पैरालिसिस की मरीज हैं और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी.
वो इकलौता बेटा था, अब कोई कमाने वाला नहीं है. जो कंपनी मुआवजा देगी उसी में गुजर-बसर करेंगे- जे के मांझी, मृतक के पिता
मुआवजे की मांग: मृतक के पिता ने बताया कि उदित रोज सुबह घर के सारे काम निपटाकर मजदूरी के लिए फैक्ट्री जाता था. मृतक के पिता ने कंपनी प्रबंधन से मुआवजे की मांग की है. उनका कहना है कि बेटे की मौत के बाद अब परिवार के पास कोई सहारा नहीं बचा है.

पुलिस जांच में जुटी: छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.

