कवर्धा में धर्मांतरण के खिलाफ भावना बोहरा की पहल, 165 लोगों की हुई घर वापसी
कवर्धा में धर्मांतरण के खिलाफ पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विशेष पहल की है. उन्होंने कई लोगों की धर्मवापसी कराई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 22, 2026 at 6:52 PM IST
कवर्धा: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कवर्धा में धर्मांतरण का मुद्दा हमेशा से सुर्खियों में रहा है. एक बार फिर यहां धर्मांतरण का मुद्दा गरमा गया है. इस बार धर्मांतरण के खिलाफ पंडरिया विधायक लगातार लोगों के बीच अभियान चला रही है. पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर विधायक भावना बोहरा लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं. आदिवासी अंचलों में चलाए जा रहे धर्मांतरण विरोधी अभियान के तहत अब तक लगभग 500 लोगों की अपने मूल धर्म में वापसी कराई जा चुकी है.
पंडरिया में सांस्कृतिक गौरव सम्मेलन
धर्मांतरण विरोधी अभियान के तहत पंडरिया में विशेष आयोजन किया गया. रविवार को आदिवासी ग्राम कुल्हीडोंगरी में संस्कृति गौरव सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में धर्मांतरित लोगों की घर वापसी कराई गई. यहां 165 लोगों ने दोबारा अपने मूल धर्म को स्वीकार किया.
भारी संख्या में लोग हुए शामिल
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने धर्म वापसी करने वाले लोगों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया. उन्होंने सभी के पैर पखारकर तथा नारियल भेंट कर सम्मान जताया. इस पहल को क्षेत्र में सांस्कृतिक अस्मिता और परंपराओं के संरक्षण से जोड़कर देखा जा रहा है.
आदिवासी समाज को लालच, प्रलोभन या अंधविश्वास के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करना गलत है. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह अभियान किसी समुदाय विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है- भावना बोहरा, बीजेपी विधायक, पंडरिया
भावना बोहरा ने आगे कहा कि आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना हम सब की जिम्मेदारी है. जो लोग किसी कारणवश अन्य धर्म में चले गए हैं, उनकी सम्मानपूर्वक घर वापसी सुनिश्चित की जाएगी. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया .

