ETV Bharat / state

श्रद्धालुओं के लिए नहीं शुरू हो पाई हेली टैक्सी सेवा, DGCA की नहीं मिली अनुमति

25 से शुरू होनी थी भरमौर-गौरीकुंड और होली-गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा.

हेली टैक्सी सेवा
हेली टैक्सी सेवा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 25, 2026 at 10:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भरमौर से गौरीकुंड हेलीपैड और होली से गौरीकुंड हेलीपैड तक प्रस्तावित हेली टैक्सी सेवा का संचालन श्रद्धालुओं के लिए नहीं किया जा सका. हेली टैक्सी सेवा के संचालन के लिए आवश्यक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की अनुमति निर्धारित समय तक प्राप्त नहीं हो पाई. इसी के चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्धारित विमानन नियमों को ध्यान में रखते हुए हेली टैक्सी सेवा का संचालन मंगलवार को नहीं हो पाया.

एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया, "हेली टैक्सी सेवा का संचालन सभी आवश्यक वैधानिक एवं तकनीकी अनुमतियां प्राप्त होने के बाद ही किया जाएगा. प्रशासन द्वारा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि आवश्यक अनुमति प्राप्त होते ही श्रद्धालुओं को हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके".

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि हेली टैक्सी सेवा के संबंध में केवल प्रशासन एवं अधिकृत एजेंसियों द्वारा जारी सूचना पर ही भरोसा करें. एसडीएम ने बताया कि हेली टैक्सी सेवा के लिए लगभग 75 श्रद्धालुओं ने आवेदन किया था. निर्धारित अनुमति प्राप्त न होने के कारण मंगलवार को श्रद्धालु यात्रा नहीं कर पाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता की जा रही है और उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है.

एसडीएम ने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी परिवहन एवं हवाई सेवाओं का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: इस दो दिन एम्स बिलासपुर में बंद रहेंगी OPD, अस्पताल जाने से पहले पढ़ लें ये खबर