भरतपुर में मिला 10वीं के छात्र का शव, बोर्ड परीक्षा के बीच हुई दर्दनाक घटना
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला छात्र का शव. जांच में जुटी पुलिस. जानिए पूरा मामला...

Published : February 26, 2026 at 1:01 PM IST
भरतपुर: जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव चक ऊंदरा में 10वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई. घटना उस समय हुई जब प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं और मृतक छात्र भी परीक्षा दे रहा था. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है.
परिजन विजय सिंह पूनिया ने बताया कि मृतक भूरा गांव का ही निवासी था और इस वर्ष दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दे रहा था. 25 फरवरी को वह अपने खेतों की ओर गया था, जहां खेत में समर (ट्यूबवेल) लगी हुई है. परिजनों के अनुसार बुधवार शाम करीब 7 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार को चिंता हुई. इसके बाद माता-पिता और अन्य परिजन उसकी तलाश में खेत की ओर गए.
खेत के पास खड़े एक शीशम के पेड़ के पास भूरा मृत अवस्था में मिला. यह दृश्य देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल आरबीएम ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही चिकसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई हुकुम सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची, लेकिन तब तक परिजन मृतक को अस्पताल ले जा चुके थे. रात में शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. अगले दिन गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. मृतक दसवीं कक्षा का छात्र था और इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं चल रही थीं. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई पारिवारिक, मानसिक या अन्य कारण तो नहीं था.

