भरतपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: मारपीट के मुकदमों में घूस लेते एएसआई गोविन्द मीना रंगे हाथ गिरफ्तार
मारपीट के मुकदमों में कार्रवाई की एवज में 15 हजार रुपए रिश्वत लेते एएसआई गोविन्द मीना को रंगे हाथ गिरफ्तार किया.


Published : September 1, 2026 at 9:38 PM IST
भरतपुर: जिले के थाना अटलबंध में दर्ज दो मुकदमों में कार्रवाई करने की एवज में 30 हजार रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में एसीबी ने सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द मीना को गिरफ्तार किया है. मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान एएसआई को 15 हजार रुपए की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. शिकायत के सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई.
सत्यापन के बाद मंगलवार को हुई ट्रैप कार्रवाई: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो भरतपुर के एएसपी अमित सिंह ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी भरतपुर में शिकायत दी थी कि उसके पिता की ओर से दर्ज कराए गए दो मुकदमों में पुलिस कार्रवाई करने की एवज में आरोपी एएसआई गोविन्द मीना द्वारा 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की.
इसे भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में ACB की कार्रवाई: 2.75 लाख की रिश्वत मांगने के आरोप में CMHO और संविदाकर्मी पर केस दर्ज
सत्यापन के बाद मंगलवार को हुई ट्रैप कार्रवाई: एएसपी अमित सिंह ने बताया कि परिवादी ने एसीबी कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायत दी थी. थाना अटलबंध में दर्ज एक मुकदमे की जांच एएसआई गोविन्द मीना कर रहे थे और मुकदमे में कार्रवाई करने के बदले उनसे 30 हजार रुपए की मांग की जा रही थी. एएसपी ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर पहले रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया. सत्यापन में 30 हजार रुपए की मांग की पुष्टि हुई. इसके बाद मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई आयोजित की गई और आरोपी को 15 हजार रुपए की पहली किश्त लेते हुए पकड़ लिया गया.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज: एएसपी अमित ने बताया कि परिवादी की ओर से दर्ज मुकदमा मारपीट से संबंधित था और इसी में कार्रवाई करने की एवज में रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है. एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ तथा आगे की कार्रवाई जारी है. एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है. एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देशन और पुलिस निरीक्षक महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मंगलवार देर शाम को ट्रैप कार्रवाई की गई.
इसे भी पढ़ें- सवाई माधोपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, आरपीएफ कांस्टेबल 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

