ETV Bharat / state

भारतनेट प्रोग्राम: छत्तीसगढ़ को 3942 करोड़ रुपये की स्वीकृति, ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी विकसित छत्तीसगढ़ की नई जीवनरेखा बनेगी.

BHARATNET PROJECT
भारतनेट प्रोग्राम (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 4, 2026 at 10:56 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: छत्तीसगढ़ को डिजिटल आधारभूत संरचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है. भारत सरकार के संचार मंत्रालय के संशोधित भारतनेट प्रोग्राम (Amended BharatNet Program - ABP) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लिए ₹3,942 करोड़ की स्वीकृति दी गई है.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ के 11,682 ग्राम पंचायतों को रिंग टोपोलॉजी के माध्यम से जोड़ा जाएगा. रिंग टोपोलॉजी आधारित यह नेटवर्क संरचना ज्यादा विश्वसनीय, सुरक्षित और निर्बाध डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम होगी.

ई गवर्नेंस सेवाओं का विस्तार

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. इससे ई गवर्नेंस सेवाओं का विस्तार होगा, ऑनलाइन शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी, टेलीमेडिसिन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंच सकेंगी और ग्रामीण युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे.

डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़ेंगे गांव

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी केवल इंटरनेट सुविधा नहीं है, बल्कि यह विकसित छत्तीसगढ़ की नई जीवनरेखा है. इससे शासन की पारदर्शिता बढ़ेगी, सेवाओं की उपलब्धता तेज होगी और गांवों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ा जा सकेगा. सीएम ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया और कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

विजय शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर जताया हर्ष

वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी भारतनेट कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश को 3942 करोड़ की स्वीकृति मिलने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा यह पहल ग्रामीण अंचलों में डिजिटल सशक्तिकरण को गति देगी.सभी ग्राम पंचायतों को रिंग टोपोलॉजी से जोड़ने से ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, स्टार्टअप और स्थानीय रोजगार बढ़ेंगे.

भारतनेट परियोजना क्या है

भारतनेट, विश्व की सबसे बड़ी ग्रामीण दूरसंचार परियोजनाओं में से एक है, जिसे देश की सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है. इसका उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाना है. इससे मोबाइल ऑपरेटर, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, केबल टीवी ऑपरेटर और कंटेंट प्रदाताओं को ग्रामीण और दूरस्थ भारत में ई-स्वास्थ्य, ई-शिक्षा और ई-शासन जैसे विभिन्न सेवाओं को शुरू करने में सक्षम बनाना है.

रिंग टोपोलॉजी क्या है

रिंग टोपोलॉजी एक ऐसा नेटवर्क सेटअप है जिसमें कंप्यूटर और अन्य उपकरण रिंग यानी गोलाकार आकृति में जुड़े होते हैं. इसमें डेटा एक दिशा में प्रवाहित होता है और हर डिवाइस एक रिपीटर के रूप में काम करता है.

भिलाई होली मिलन में भूपेश बघेल, राज्यसभा उम्मीदवार पर जल्द फैसले के संकेत
Happy Holi 2026 Wishes गुलाल की सुगंध, अपनों का प्यार, होली का त्योहार लाए रंगों की बहार, होली पर शुभकामना संदेश
राज्यसभा चुनाव 2026: छत्तीसगढ़ से बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को बनाया उम्मीदवार