बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहुंचे बनारस, करेंगे पीएम के संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं संग संवाद
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को काशी पहुंचे. यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 10:46 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 10:58 PM IST
वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का बुधवार को पहली बार वाराणसी आने पर भव्य स्वागत हुआ. कैथी से लेकर सर्किट हाउस तक पूरे यात्रा मार्ग पर भाजपा जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शंखनाद, डमरू, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया.
काशी की गलियों और चौराहों पर उमड़ा उत्साह इस स्वागत को यादगार बना गया. खास यह कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ.

रास्तों को पार्टी के झंडों से सजाया गया: स्वागत कार्यक्रम के दौरान ठंड, समय और दूरी की कोई परवाह किए बिना कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और जोश संगठन की ताकत को दर्शाता रहा. काशी में हुआ भव्य स्वागत न केवल प्रदेश अध्यक्ष के प्रति सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि यह भी संदेश दे गया कि भाजपा कार्यकर्ता हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़े रहने के लिए तैयार हैं. प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर पूरे मार्ग को पार्टी के झंडों और पताकाओं से सजाया गया था.
अमरपाल मौर्य ने अगवानी की: जगह-जगह हजारों की संख्या में छोटी-बड़ी होर्डिंग्स लगाई गई थीं. इन पर प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत संदेश अंकित थे. यह दृश्य संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के जोश को साफ तौर पर दर्शा रहा था. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काशी में पहली बार आने पर गाजीपुर सीमा से (काशी क्षेत्र) में प्रवेश पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और राज्यसभा सांसद व काशी क्षेत्र प्रभारी अमरपाल मौर्य ने अगवानी करते हुए उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया.

कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सफेद रंग की गाड़ी के रूफ टॉप पर खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे. उनके साथ भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल भी गाड़ी पर सवार थे. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पार्टी ने उन पर बड़ा भरोसा किया है पार्षद से लेकर डिप्टी मेयर और सांसद तक का यह सफर पार्टी के भरोसे का प्रतीक है.
यह भरोसा बना रहे, इसी के साथ इस नई जिम्मेदारी को वह बखूबी निभाने की पूरी कोशिश करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. यूपी में पार्टी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा.
यह भी पढ़ें- पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी पर सुनवाई फिर टली, वाराणसी कोर्ट में अगली सुनवाई 9 जनवरी को

