जांच टीम के पीछे कौन था खड़ा.. जिसे देख भड़कीं भरत तिवारी की मां... बोली- 'पहचानते नहीं क्या?'
प्रशासन गुंडा है और गुंडों की सिर्फ एक दवा फांसी है. भरत तिवारी की मां जांच टीम के साथ एसटीएफ को देख भड़क उठीं.

Published : June 25, 2026 at 4:30 PM IST
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. पटना हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग बुधवार को बिलौटी गांव पहुंचा, जहां टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना. इस दौरान टीम के साथ एसटीएफ को देखकर भरत तिवारी की मां बिफर पड़ीं.
जांच टीम में STF को देख भड़कीं भरत की मां: भरत भूषण तिवारी की मां ने भावुक होते हुए अपने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. जांच टीम के साथ एसटीएफ को देख भारत तिवारी की मां ने एतराज जताते हुए कहा कि एसटीएफ के चलते हत्या हुई है, वही इस जांच टीम में साथ आए हैं. मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए और पूरे मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी CBI से कराई जानी चाहिए.
"जज साहब ने कहा लिखकर दीजिए हम न्याय करेंगे. जिन-जिन लोगों का हाथ है, उन सबके लिए मैंने जज साहब से फांसी की मांग की है. एसटीएफ जिनका भरत को मरवाने में हाथ था, वह भी टीम के साथ यहां खड़ा था. उसको हम पहचानते नहीं है क्या? एसटीएफ वाले जो मारे और जिसने आदेश दिया सबको फांसी होनी चाहिए."- आशा देवी, भरत तिवारी की मां
दोषियों को फांसी देने की मांग: पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिवारवालों के खिलाफ दर्ज FIR वापस ले ली गई है, भरत तिवारी की मां आशा देवी ने इस बात की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिस एसटीएफ ने मेरे बेटे पर गोली चलाई वो भी आयी थी. हमने जज साहब से कहा कि गोली चलाने वाले को फांसी की सजा हो.

"हमारी सरकार से यही मांग है और मुझे कुछ नहीं चाहिए. अदालत पर मुझे विश्वास है और मैं मामले की सीबीआई जांच की मांग करती हूं."-आशा देवी, भरत तिवारी की मां
Arrah, Bihar: On the Bharat Tiwari encounter case, his mother Asha Devi says, “I asked the judge to hang the culprits. Whoever is involved in the case and whoever killed him should all be hanged…” pic.twitter.com/uP2C9yVfMS
— IANS (@ians_india) June 25, 2026
मामले की न्यायिक जांच शुरू: भरत भूषण एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच शुरू हो गई है. जांच दल का नेतृत्व पटना हाईकोर्ट के सेवानिवत्त न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा कर रहे हैं. टीम बिलौटी गांव पहुंची थी, जहां मृतक के परिजनों से मुलाकात की गई और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली गई.

क्या है मामला?: 17 जून को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी. पुलिस का पक्ष है कि आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी थी, जबकि परिजनों का आरोप है कि सरेंडर करने के बाद उसे गोली मारी गई थी. वहीं, वायरल वीडियो में भी साफ दिख रहा है कि भरत ने पिस्टल फेंक दिया था. मामले में एसडीपीओ और एसएचओ समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज कर लिया गया है.
- ये भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर में एक्शन, SDPO और SHO समेत 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज
- ये भी पढ़ें: क्या है Bharat Tiwari Encounter का सच? RJD सांसद ने बताया
- ये भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर: सामाजिक कार्यकर्ता ने मुंडवाया सिर, न्याय के लिए अनशन पर बैठा
- ये भी पढ़ें: Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी की कहानी.. जिसके एनकाउंटर पर सवालों के घेरे में पुलिस और सरकार
- ये भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर HC में PIL, याचिका में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा की मांग
- ये भी पढ़ें: 'किस्मत में मरना लिखा था.. इसलिए मर गया', भरत तिवारी एनकाउंटर पर निलंबित SHO का बयान

