ETV Bharat / state

फर्जी ई-चालान से बैंक अकाउंट हो रहा खाली, बलौदा बाजार पुलिस ने जारी की चेतावनी

पुलिस ने कहा, पेंडिंग पेमेंट को लेकर कोई भी मैसेज और कॉल बिना चेक किए इंटरटेन नहीं करें.

BEWARE OF FAKE E CHALLANS
बलौदा बाजार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : April 13, 2026 at 9:13 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदा बाजार: अगर आपके भी मोबाइल पर अचानक “आपका e-चालान पेंडिंग है, तुरंत भुगतान करें” जैसा कोई मैसेज आए, तो सावधान हो जाएं. यह मैसेज असली भी हो सकता है, लेकिन इन दिनों बड़ी संख्या में ऐसे फर्जी मैसेज भी भेजे जा रहे हैं, जिनका मकसद सिर्फ एक है, आपके बैंक खाते तक पहुंच बनाना और उसे एक झटके में खाली कर देना. इसी खतरे को देखते हुए बलौदा बाजार पुलिस ने आम लोगों के लिए खास चेतावनी जारी की है. पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधी अब e-चालान के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं और नकली लिंक, वेबसाइट और एप्लीकेशन के जरिए ठगी को अंजाम दे रहे हैं.



साइबर फ्रॉड से सावधान

पुलिस ने बताया कि साइबर ठग सबसे पहले आपके मोबाइल नंबर पर एक मैसेज भेजते हैं. इस मैसेज में लिखा होता है कि आपके वाहन का चालान कट चुका है और अगर तुरंत भुगतान नहीं किया तो भारी जुर्माना या कानूनी कार्रवाई हो सकती है. मैसेज में एक लिंक भी दिया जाता है, जो देखने में बिल्कुल असली सरकारी वेबसाइट जैसा लगता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, कई जानकारियां उससे एक साथ मांग ली जाती है. जैसे वाहन नंबर, पैसे भुगतान करने का डिटेल और ओटीपी आदि. जैसे ही आप जानकारी दर्ज करते हैं आपके बैंक खाते से पैसे निकल जाते हैं.


असली और नकली में फर्क कैसे करें?

पुलिस का कहना है कि सबसे बड़ी गलती लोग यह करते हैं कि वे बिना जांचे-परखे किसी भी लिंक पर क्लिक कर देते हैं. ध्यान रखने वाली बात यह है कि असली e-चालान की जांच और भुगतान केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म पर ही किया जाना चाहिए. पुलिस के अनुसार, कई मामलों में देखा गया है कि लोग जल्दबाजी में लिंक खोलकर तुरंत पेमेंट कर देते हैं. कुछ मिनटों के भीतर ही उनके बैंक खाते से हजारों या लाखों रुपए निकल जाते हैं. खास बात यह है कि कई बार पीड़ित को यह समझ ही नहीं आता कि उसके साथ ठगी कब और कैसे हो गई.



SMS से भी हो सकती है ठगी

पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधी अब SMS और व्हाट्सएप दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल कुछ विशेष सेंडर आईडी से आए मैसेज ही भरोसेमंद माने जा सकते हैं. इनके अलावा किसी भी अनजान नंबर या सामान्य मोबाइल नंबर से आए मैसेज पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान

  • अनजान लिंक पर क्लिक न करें
  • किसी भी SMS या व्हाट्सएप पर आए लिंक को बिना जांचे न खोलें
  • केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें
  • e-चालान चेक और भुगतान के लिए सिर्फ अधिकृत वेबसाइट या ऐप का ही उपयोग करें
  • वेबसाइट की स्पेलिंग ध्यान से देखें
  • फर्जी वेबसाइट असली जैसी दिखती है, लेकिन उसमें छोटे-छोटे अंतर होते हैं
  • OTP कभी साझा न करें
  • कोई भी अधिकारी आपसे OTP नहीं मांगता
  • OTP साझा करना सीधा आपके खाते को खतरे में डाल सकता है
  • संदिग्ध कॉल से बचें
  • अगर कोई कॉल कर तुरंत भुगतान का दबाव बनाए, तो सतर्क रहें
  • साइबर ठगी होने पर साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल करें
  • National Cyber Crime Portal पर शिकायत दर्ज करें
  • अपने बैंक को तुरंत सूचित करें, ताकि ट्रांजैक्शन रोका जा सके

पुलिस की अपील

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा तरीका जागरूकता है. अगर लोग थोड़ी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर तुरंत भरोसा न करें, तो इस तरह की ठगी को काफी हद तक रोका जा सकता है.

मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज का 80वां महाधिवेशन बलौदा बाजार में शुरू, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

पीएम आवास योजना, जल संरक्षण और ग्रामीण स्वरोजगार पर सरकार का फोकस, कलेक्टर ने दिए ये निर्देश

अग्निवीर में भर्ती होने का मिलेगा मौका, बलौदा बाजार कलेक्टर चलाएंगे जागरुकता अभियान