बैतूल में खड़ी क्रेन से टकराई कार के परखच्चे उड़े, 3 युवकों की मौके पर मौत, दो गंभीर
बैतूल में देर रात रोड किनारे खड़ी क्रेन से तेज रफ्तार कार की भीषण टक्कर. कार सवार 3 लोगों ने मौके पर दम तोड़ा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 2:23 PM IST
रिपोर्ट : दुर्गाप्रसाद जौंजारे
बैतूल (आमला) : बैतूल में इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ. बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग रेस्क्यू करने के लिए दौड़े. कार के अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए.

ढाबा से खाना खाकर लौट रहे थे कार सवार
कार में 5 युवक सवार थे, जो एक ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे. इस हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार के दरवाजे और कांच तोड़कर फंसे युवकों को बाहर निकाला. घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 3 युवकों को मृत घोषित कर दिया.
हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार
मृतकों में ऋतिक सोलंकी (30) निवासी गर्ग कॉलोनी, विनय प्रजापति (21) निवासी रामनगर और अभय ठाकुर (22) निवासी रामनगर शामिल हैं. वहीं देवा पांडे (32) निवासी गंज और आकाश पाल (30) निवासी रामनगर का जिला अस्पताल में उपचार जारी है. सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
- महू में घाट पर भिड़े 6 वाहन, कार पर चढ़ी पिकअप, मुंबई-आगरा हाईवे 2 घंटे बाधित
- रहली में बड़ा सड़क हादसा, बाइक की हुई बस से टक्कर, 4 लड़कों की मौत
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने शोक जताया
हादसे की सूचना पाकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक हेमत खंडेलवाल ने घटना की जानकार ली. मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए. खंडेलवाल ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया. खंडेलवाल ने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार हेतु निर्देशित किया.

