ETV Bharat / state

आईपीएल मैच पर कार में बैठकर लगाया जा रहा था सट्टा, धमतरी पुलिस ने 2 लोगों को पकड़ा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, नकदी और कार समेत करीब 5.40 लाख का माल जब्त किया है.

BETTING ON IPL MATCHES
आईपीएल मैच पर सट्टा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : May 24, 2026 at 1:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धमतरी: पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोगों पर आरोप है कि ये लोग PG कॉलेज मैदान में कार के भीतर बैठकर मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, नकदी और कार समेत करीब 5.40 लाख का माल जब्त किया है.

आईपीएल मैच पर खेल रहे थे सट्टा

धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जुआ, सट्टा और अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अंबेडकर चौक के पास PG कॉलेज मैदान में खड़ी कार में 2 युवक मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की. पुलिस को देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग फरार हो गए, लेकिन कार के भीतर बैठे 2 युवकों को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ लिया गया.

आईपीएल मैच पर सट्टा (ETV Bharat)

नकदी सहित मोबाइल फोन पर कार जब्त

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमीत वाधवानी और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू बताया. जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म की आईडी संचालित मिली, जिसके जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत पर रुपये का दांव लगाया जा रहा था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 आईफोन, 2 रियलमी मोबाइल, नगदी 5,200 और कार जब्त की है. जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 5 लाख 40 हजार है.

एसपी की लोगों से अपील

थाना सिटी कोतवाली धमतरी में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) तथा बीएनएस की धारा 112 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है. पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन,ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और अन्य डिजिटल माध्यमों की तकनीकी जांच कर रही है. साथ ही ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है.

धमतरी में दूषित पानी की सप्लाई से भड़के वार्डवासी, कांग्रेस पार्षदों के साथ किया मटकी फोड़ प्रदर्शन, बोले- लोग हो रहे बीमार

पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान धमतरी में हादसा, पिकअप वाहन ने 2 जवानों को कुचला, प्रधान आरक्षक की मौत

“पेड़ लगाबो तभे तो फल खाबो”: धमतरी के दंपत्ति की अनोखी पहल