बेतिया में युवक की चाकू से गोदकर हत्या के बाद बवाल, सड़क पर शव रखकर आगजनी-प्रदर्शन
बिहार के बेतिया में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात घर के पास ही अंजाम दिया गया. पढ़ें खबर-

Published : April 18, 2026 at 8:43 PM IST
बेतिया : बिहार के बेतिया में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना बैरिया थाना क्षेत्र के मच्छरगावां का है जहां शुक्रवार की रात 10 बजे युवक पर हमला कर वारदात को अंजाम दिया गया. मृत युवक की पहचान राधेश्याम यादव ( 25 वर्ष) के रूप में की गई है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों में आक्रोश क़ायम हो गया.
युवक की चाकू से गोदकर हत्या : चाकू से गोदकर हत्या से गुस्साए स्थानीय लोगों ने जगदीशपुर, नौतन, मंगलपुर मुख्य हाईवे को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया और आगजनी की. उन्होंने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी समेत घटनास्थल पर वरीय अधिकारियों की उपस्थिति की मांग पर अड़ गये.

सड़क जाम कर प्रदर्शन : जाम एवं प्रदर्शन की सूचना पर नौतन, बैरिया थाना की पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ-2 रजनी कांत प्रियादर्शी मच्छरगावां पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया. पुलिस के समझाने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया.
घर के पास मारा गया चाकू : बैरिया फुलियाखान पंचायत के मच्छरगावां चौक के समीप बैरा टोला गांव में शुक्रवार के देर रात्रि असामाजिक तत्व के द्वारा युवक के दरवाजे पर पहुंचकर चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. ग्रामीण सूत्रों के अनुसार घर के पास मच्छरगावां चौक पर राधेश्याम गया था, जो कुछ लड़कों के साथ हाथापाई हुआ था. लोगों के द्वारा बीच बचाव किया गया तथा राधेश्याम को अपने घर जाने के लिए बोला गया.
''घर के पास मच्छरगावां चौक पर राधेश्याम गया था. कुछ लड़कों के साथ हाथापाई हुआ था और लोगों के द्वारा बीच बचाव किया गया. लेकिन जब राधेश्याम अपने दरवाजे पर पहुंचा तो पीछे कुछ लड़कों ने आकर चाकू मार दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.''- सुखनी देवी, मृतक की मां

अस्पताल ले जाते समय मौत : जैसे ही राधेश्याम अपने दरवाजे पर पहुंचा तो पीछे से चार-पांच बाइक पर सवार 15 से 20 लोग अचानक वहां पर पहुंच गए और राधेश्याम को मारने पीटने तथा चाकू से घोंप दिया. इतने में ग्रामीण वहां पहुंचते तब तक सभी अपराधी अपना बाइक स्टार्ट कर भाग खड़े हुए और राधेश्याम को इलाज के लिए बेतिया ले जाया जा रहा था, तभी बगही पुल के समीप उसकी मौत हो गई.
''सूचना प्राप्त होने पर बैरिया पुलिस के द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है. जांच पड़ताल में महिला की छेड़खानी के कारण विवाद का मामला सामने आया है. घटना में संलिप्त लोगों की पहचान कर लिया गया है. जिनके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली गई है.''- रजनी कांत प्रियादर्शी, सदर एसडीपीओ 2
दो साल पहले हुई थी शादी : बता दें कि मृतक राधेश्याम तीन बहनों के बीच एक छोटा भाई था. राधेश्याम की शादी विगत दो वर्ष पूर्व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनसरैया गांव में हुई थी. लेकिन दांपत्य जीवन से कोई संतान नहीं है. मां सुखनी देवी की रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे हैं.
ये भी पढ़ें-

