बिहार में घर से खींचकर नाबालिग लड़की का अपहरण, अगले दिन मां और बहनों की बेरहमी से पिटाई
बिहार के बेतिया में दबंगों ने घर से खींचकर नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया, साथ में गहने और बर्तन भी लूट लिया. पढ़ें खबर-

Published : December 26, 2025 at 2:00 PM IST
पश्चिम चंपारण : बिहार के बेतिया में घर से खींचकर एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया. पिछले 48 घंटे से उसका अभी तक कोई सुराग नहीं है. ये खबर तब सामने आई जब पीड़िता को दबंगो ने घर में घुसकर बेरहमी से पीटा. पीट-पीटकर मां को अधमरा कर दिया. मामला नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र का है.
48 घंटे से अगवा नाबालिग का कोई सुराग नहीं : अपहरण और मारपीट की सूचना पर पहुंची शिकारपुर पुलिस को घटना के 48 घण्टे बीत जाने के बाद भी अपहृत लड़की का कुछ भी पता नहीं लग सका है. जबकि पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके सामने वाले घर के दबंगों ने छिपा रखा है.
घर में अकेली थी लड़की : पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि घटना के समय घर में उनकी पुत्री अकेली थी. इसी दौरान आरोपित जबरन घर में घुस आए और युवती का अपहरण कर लिया. जाते-जाते घर में रखे आभूषण और बर्तन भी लूट लिए गए. मामला यहीं नहीं थमा. गुरुवार की शाम दबंग आरोपियों ने दोबारा दबंगई दिखाते हुए घर में घुस आए और महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी.
लड़की के साथ गहने और बर्तन भी ले गए दबंग : परिजनों का कहना है कि अपहृत लड़की का दबंग जबरन शादी कराना चाहते हैं जबकि उनके बेटी की शादी पहले से तय है. मारपीट की सूचना जब 112 पुलिस को मिली तो टीम घटनास्थल पर पहुंची और उसकी घायल मां और बहनों को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची. जहां अगवा नाबालिग बच्ची की मां की हालत ज्यादा सीरियस होने के चलते इलाज चल रहा है.
''112 पुलिस टीम के एसआई बेचन प्रसाद सभी घायलों का इलाज करा रहे हैं. नाबालिग के अपहरण मामले में FIR दर्ज कर ली गई है. इसमें कुल 9 आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज किया गया है. लड़की की तलाश की जा रही है.'' - ज्वाला सिंह, थानाध्यक्ष, शिकारपुर
अपहृत लड़की की मां को आई गंभीर चोट : बताया जाता है कि आरोपियों ने महिलाओं को घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा, जिससे ये महिलाएं घायल हो गई थीं. घटना की सूचना पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल के चिकित्सक के अनुसार अपहृत युवती की मां को गंभीर चोट आई है.
ये भी पढ़ें-

