गिरिडीह के इन पिकनिक स्पॉटों पर उमड़ती है लोगों की भीड़, अबकी बार 4 सौ गुना महंगा होगा घूमना
नए साल पर गिरिडीह में कई पर्यटन स्थल लोगों का आकर्षित कर रहे हैं. इसे लेकर प्रशासन ने खास तैयारी की है.

Published : January 1, 2026 at 4:19 PM IST
गिरिडीह: नए साल 2026 की शुरुआत हो चुकी है. ऐसे में लोग पिकनिक मनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं. गिरिडीह में कई ऐसे स्थान हैं जहां नववर्ष का जश्न मनाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है. इन स्थलों पर प्रकृति की सुंदरता देखने को मिलती है. हालांकि इस बार पर्यटकों को घूमने के दौरान मंहगाई की मार सीधे तौर पर देखने को मिल रही है. आपको गिरिडीह के ऐसे ही पर्यटन स्थलों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां लोगों की भीड़ उमड़ती है.
उसरी जलप्रपात : गिरिडीह-धनबाद मुख्य पथ पर गंगापुर में यह वाटरफॉल अवस्थित है. घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरे इस इलाके में सालों भर सैलानी पहुंचते हैं. पहाड़ से गिरता झरना और दूर-दूर तक बिछा चट्टान लोगों को आकर्षित करता है. यह झरना ऐतिहासिक है. महान कवि रबींद्रनाथ टैगोर, वैज्ञानिक जेसी बोस, महर्षि अरविंद जैसे महान विभूति भी यहां की सुंदरता के कायल रह चुके हैं. मंत्री सुदिव्य कुमार ने इस ऐतिहासिक झरना के कायाकल्प की योजना तैयार की है. वन विभाग के माध्यम से इस स्थान को और भी सुंदर बनाने के लिए 10 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है.
- दूरी : गिरिडीह शहर से इस वाटरफॉल की दूरी लगभग 13 किमी है.
- समीप का रेलवे स्टेशन : समीप का रेलवे स्टेशन गिरिडीह-धनबाद है.
खंडोली जलाशय : गिरिडीह-देवघर मुख्य पथ से बेंगाबाद अंचल में यह जलाशय है. खंडोली पहाड़ के ठीक नीचे डैम अवस्थित है. पहाड़ और जलाशय का संगम इस स्थल को और भी सुंदर बनाता है. ठंड के मौसम में विदेशी (प्रवासी) पक्षियों की अठखेलियां लोगों को और भी आकर्षित करती है. इस स्थल को और भी सुंदर बनाने की योजना मंत्री सुदिव्य कुमार के स्तर से तैयार की गई है. यहां मरीन ड्राइव बनना है तो वाच टावर भी बनाया जाना है.

- दूरी : गिरिडीह शहर से लगभग 10 किमी की दूरी पर यह जलाशय स्थित है.
- समीप का रेलवे स्टेशन : समीप का रेलवे स्टेशन गिरिडीह-मधुपुर है.
नौलखा डैम : गिरिडीह और कोडरमा जिला के बॉर्डर इलाके में नौलखा डैम अवस्थित है. जिले के धनवार प्रखंड में स्थित यह डैम भी लोगों को आकर्षित करती है. अभी इस डैम को सुंदर बनाने के लिए कई कार्य होना बाकी है, लेकिन नए साल पर आस-पास के कई लोगों का जुटान इस डैम के होता है.
- दूरी : गिरिडीह मुख्यालय से नौलखा डैम की दूरी 53 किमी, जबकि कोडरमा से इसकी दूरी 54 किमी है. वहीं धनवार से इस डैम की दूरी लगभग 3 किमी है.
- ठहरने का स्थान : इस डैम के समीप धनवार है जहां लोग रुक सकते हैं.
- समीप का रेलवे स्टेशन : समीप का रेलवे स्टेशन धनवार है.

पारसनाथ : प्राकृतिक छठा का आनंद लेने के लिए सबसे उपर्युक्त स्थान पारसनाथ है. झारखंड-बिहार का सबसे बड़ा पहाड़ पारसनाथ ही है. इसी पारसनाथ में जैन धर्म के 24 में से 22 तीर्थंकरों ने मोक्ष की प्राप्ति की थी. आदिवासी इसे मरांग बुरु भी कहते हैं और पूजते हैं. ठंड में यहां का मौसम काफी आनंद देता है. यह ऐतिहासिक स्थल है जहां देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं. इस पर्वत की तराई (मधुबन) से पार्श्वनाथ मंदिर की दूरी लगभग 10 किमी है.
- दूरी : पारसनाथ पर्वत पहुंचने के लिए सबसे उचित साधन रेल है. यहां (मधुबन) से पारसनाथ रेलवे स्टेशन की दूरी 23 किमी है. जबकि गिरिडीह मुख्यालय की दूरी 29 किमी है.

24 रुपया से पार्किंग शुल्क हुआ एक सौ
यहां बता दें कि हर वर्ष खंडोली पर्यटन स्थल में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है. इस बार भी खंडोली में लोगों की भीड़ उमड़ रही है. मगर, इस बार खंडोली में लोगों को मंहगाई की मार झेलनी पड़ेगी. दरअसल, पिछले वर्ष तक यहां पर चार पहिया वाहनों के पार्किंग का किराया 24 रुपया था, जिसे बढ़ा कर इस बार एक सौ रुपया कर दिया गया है. कहा जाता है लगभग 400 प्रतिशत तक पार्किंग चार्ज की बढ़ोतरी कर दी गई है. इसे लेकर पर्यटन स्थल खंडोली घूमने वालों में काफी गुस्सा देखा जा रहा है.
इस पूरे विषय पर खंडोली पर्यटन के देखभाल करने वाले प्रमोद कुमार से ईटीवी भारत ने बात की. प्रमोद ने कहा कि खंडोली पार्क घूमने के लिए 14 रुपया शुल्क लिया जा रहा है. जबकि पार्किंग के लिए स्थानीय ग्रामीण वसूली कर रहे हैं. ये वे ग्रामीण हैं जिनकी जमीन पर वाहनों को पार्क किया जाता रहा है. चूंकि पिछले वर्ष तक खंडोली में उनके द्वारा पार्किंग का दर 24 रुपया निर्धारित था, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने रोजगार की बात कहते हुए 100 रुपया कर दिया है. इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी है.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद
इधर, सैलानियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी कड़ी में गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉक्टर बिमल कुमार ने खंडोली पर्यटन स्थल में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. मौके पर डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी बिंदुओं पर एसडीओ, बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि किसी प्रकार की अनहोनी घटना ना हो, इसका ध्यान रखा जाए. सभी लोग सुरक्षित माहौल में नए साल का स्वागत करें और जश्न मनाएं. उन्होंने सैलानियों से भी अपील करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें और जो अनुशासन बनाया गया है उसका पालन करें.
वहीं एसपी डॉक्टर बिमल कुमार ने कहा सुरक्षा के मद्देनजर पूरे पर्यटन स्थल में पुलिस जवानों के साथ महिला पुलिस बल की तैनाती की गई. खंडोली में पूर्व से टीओपी कार्यरत है. यहां तैनात पुलिस कर्मी पूरे पर्यटन स्थल पर नजर बनाए हुए हैं. पर्यटन स्थल में सिविल ड्रेस में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गई है. उन्होंने सैलानियों से अपील की है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और स्वच्छ वातावरण में नव वर्ष की खुशियां मनाएं.
इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन की तरफ से सैलानियों को हर तरह से सहयोग मिलने का भरोसा दिलाया. मौके पर बेंगाबाद बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, सीओ अमीर हमजा, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह दल बल के साथ मौजूद थे.
यह भी पढ़ें:
तापा पहाड़ी का नेचुरल पार्क, यहां डेवलप हो रहा है सनसेट पॉइंट, पहुंचने लगे हैं बड़ी संख्या में पर्यटक

