बिहार से आई शर्मनाक तस्वीर, कचरे के ठेले से पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए शव
बिहार के बेगूसराय में पुलिस ने मानवता को शर्मसार किया है. एक शख्स का शव कचरे के ठेले पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पढ़ें-

Published : May 20, 2026 at 1:23 PM IST
बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय में मानवता शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां एक युवक के शव को पुलिस की मौजूदगी में कचरा ढोने वाले ठेले पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
घर से आ रही थी तेज दुर्गंध : बेगूसराय जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के चट्टी रोड से यह मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि स्थानीय निवासी रवि रोशन कुमार का घर पिछले तीन-चार दिनों से बंद था. रविवार को घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी.
दरवाजा तोड़ने पर पुलिस रह गई सन्न : सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़ा गया. अंदर रवि रोशन कुमार का शव फंदे से लटका मिला. जानकारी के मुताबिक मृतक की पत्नी करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके गई हुई थी और रवि घर में अकेले रह रहा था.
कचरा ढोने वाले ठेले पर भेजा गया शव : घटना के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने लोगों को झकझोर कर रख दिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस की मौजूदगी में सफाईकर्मियों ने शव को पहले बिछावन में लपेटा और फिर सीढ़ियों के सहारे नीचे उतारा. इसके बाद एंबुलेंस या शव वाहन की व्यवस्था करने के बजाय शव को कचरा ढोने वाले ठेले पर रखकर सदर अस्पताल भेज दिया गया.
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश : स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस रवैये को अमानवीय और शर्मनाक बताया है. लोगों का कहना है कि किसी भी शव को सम्मानपूर्वक एंबुलेंस या शव वाहन से ले जाया जाना चाहिए था, लेकिन यहां संवेदनशीलता की सारी सीमाएं पार कर दी गईं. घटना को लेकर इलाके में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
डीएसपी ने जांच और कार्रवाई की कही बात : वहीं मामले पर बेगूसराय सदर डीएसपी-1 आनंद पाण्डेय ने कहा कि- ''घटना की जानकारी मिली है. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.''
ये भी पढ़ें-

