फर्जी महिला सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, वर्दी का धौंस दिखाकर लोगों से ऐंठती थी पैसे
बेगूसराय पुलिस ने फर्जी एसआई को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने वर्दी का धौंस दिखाकर कई लोगों से पैसे ऐंठे हैं. पढ़ें..

Published : March 2, 2026 at 6:49 PM IST
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में फर्जी सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार हुई है. यह महिला न सिर्फ फर्जी तरीके से लोगों को ठगती थी, बल्कि धौंस जमाकर आसपास में अपना दबदबा भी कायम किए हुए थी. स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद मुफस्सिल थाने की पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है.
कौन है ये शातिर महिला?: गिरफ्तार महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संत नगर-1 निवासी कजोमा कुमारी के रूप में की गई है. लंबे समय से यह महिला अपने आप को सब इंस्पेक्टर बताती थी. निशु कुमारी के नाम से इसने अपना नेम प्लेट वर्दी और पुलिस के तमाम साजो-सामान बनाकर रखे हुए थी.
कैसे हुई गिरफ्तारी?: इस बारे में सदर डीएसपी आनंद पांडे ने बताया कि आसपास के लोगों ने सूचना दी थी कि पुलिस का धौंस दिखाकर उसने कई लोगों से पैसे ऐंठ लिए हैं. मांगने पर पैसे लौटा नहीं रही है. जिसके बाद मामले की जांच की गई तो आरोप सही पाए गए. जिसके बाद ये कार्रवाई की गई.
लोगों से ठगी का आरोप: पुलिस की नाक के नीचे लंबे समय से यह महिला अपनी कारगुजारी से लोगों को ठग रही थी. जब लोगों को शक हुआ कि यह असली पुलिस सब इंस्पेक्टर नहीं है, तब मुफस्सिल थाने की पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी. पुलिस ने उसके पास से वर्दी और अन्य सामान भी बरामद किया है.
क्या बोले डीएसपी?: बेगूसराय सदर डीएसपी ने बताया कि आरोपी महिला संतनगर-1 के पास की रहने वाली है. यह खुद को पुलिस सब इंस्पेक्टर बताती थी. उसके खिलाफ हमें शिकायत मिली थी कि इसने वर्दी का फायदा उठाकर लोगों से पैसों की ठगी की है. गिरफ्तारी के बाद महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
"संतनगर-1 के पास से अपने आप को सब-इस्पेक्टर कहने वाली कजोमा कुमारी नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया है. जोकि निशु कुमारी के नाम से नेम प्लेट पहनती थी. अपने आप को सब-इस्पेक्टर होने का दावा करती थी. जांच उपरांत उसका दावा फर्जी पाया गया है. पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया है. प्राथमिकी दर्ज की गई है."- आनंद पांडे, डीएसपी, बेगूसराय सदर
ये भी पढ़ें: 'मैं 2018 बैच का दारोगा हूं'.. ऐसा कहते ही पुलिस ने फर्जी सब इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार, तीन साल से कर रहा था उगाही

