होली से पहले महिलाओं पर मेहरबान रेखा सरकार, राष्ट्रपति की उपस्थिति में चार योजनाओं का होगा शुभारंभ
महिला सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार 'पिंक स्मार्ट कार्ड' लॉन्च करने जा रही है.


Published : February 28, 2026 at 1:36 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की महिलाओं के लिए इस बार की होली बेहद खास होने जा रही है. दिल्ली सरकार आगामी 2 मार्च को महिला सशक्तिकरण की दिशा में चार बड़ी और महत्वाकांक्षी योजनाओं का आगाज करने जा रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे दिल्ली की 'बेटियों और महिलाओं' के लिए एक बड़ा उपहार बताया है. इन योजनाओं का शुभारंभ देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में इंदिरा गांधी (आईजी) स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा.
पिंक स्मार्ट कार्ड: बसों में सफर होगा और भी सुगम
महिला सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार 'पिंक स्मार्ट कार्ड' लॉन्च करने जा रही है. अब तक डीटीसी बसों में महिलाओं को पेपर पास (गुलाबी टिकट) के जरिए मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब इसे डिजिटल रूप दिया जा रहा है. यह कार्ड विशेष रूप से दिल्ली की महिलाओं के लिए होगा, जिससे वे बिना किसी बाधा के बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी. यह कदम न केवल तकनीक को बढ़ावा देगा बल्कि महिलाओं के सफर को अधिक सम्मानजनक और सुगम बनाएगा.
मुफ्त सिलेंडर योजना: 17 लाख परिवारों को राहत
त्योहारों के सीजन में रसोई के बढ़ते बजट से राहत देने के लिए सरकार ने 'मुफ्त सिलेंडर योजना' की घोषणा की है. इस योजना के तहत साल में दो बार होली और दीपावली पर पात्र परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा. सिलेंडर की राशि (लगभग 853 रुपये) सीधे महिलाओं के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी. इस योजना के लिए सरकार ने करीब 128 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे दिल्ली के लगभग 17 लाख परिवारों को सीधा लाभ पहुंचने की उम्मीद है.
मेरी पूंजी, मेरा अधिकार: रुका हुआ पैसा आएगा वापस
मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण योजना 'मेरी पूंजी, मेरा अधिकार' का जिक्र किया. इस योजना के अंतर्गत उन 40,642 बच्चियों को लाभ मिलेगा जिनका 'लाडली योजना' के तहत पैसा बैंकों में तकनीकी कारणों या वेरिफिकेशन की कमी से लंबे समय से अटका हुआ था. सरकार वेरिफिकेशन अभियान चलाकर करीब 100 करोड़ रुपये की रुकी हुई राशि सीधे इन बच्चियों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेगी. इससे उन परिवारों को बड़ी आर्थिक मजबूती मिलेगी जो अपनी जमा पूंजी के लिए वर्षों से इंतजार कर रहे थे.
लखपति बिटिया योजना: जन्म से लेकर पढ़ाई तक का साथ
पुरानी लाडली योजना का स्थान अब 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' लेने जा रही है. इसका मुख्य उद्देश्य दिल्ली में जन्म लेने वाली बच्चियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. इस योजना को अभी हाल ही में रेखा सरकार की कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की है. इस योजना के तहत बच्ची के जन्म से लेकर उसकी स्कूली शिक्षा के विभिन्न चरणों (कक्षा 1, 6, 9, 10 और 12वीं) तक सरकार वित्तीय मदद प्रदान करेगी. स्नातक या डिप्लोमा स्तर तक पहुंचने पर सरकार सुनिश्चित करेगी कि बेटी के पास एक बड़ी पूंजी (लगभग 1 लाख रुपये से अधिक) हो, ताकि वह अपनी उच्च शिक्षा या करियर की शुरुआत बिना किसी आर्थिक तंगी के कर सके.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 2 मार्च का दिन दिल्ली के इतिहास में महिला सशक्तिकरण के एक नए युग की शुरुआत करेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं को न केवल आर्थिक आजादी मिलेगी, बल्कि शैक्षणिक क्षेत्र में भी हमारी बेटियां नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और आईजी स्टेडियम में हजारों महिलाओं के जुटने की संभावना है.
यह भी पढ़ें-
केजरीवाल का पीएम मोदी को खुला चैलेंज- अभी चुनाव कराओ, 10 से ज्यादा सीटें आई तो राजनीति छोड़ दूंगा

