इश्क़, साज़िश और 'ताज': इंस्टाग्राम वाले प्रेमी की खुली पोल,धर्मांतरण से बाल-बाल बची युवती
थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि युवती से पूछताछ करके उसके परिजन से संपर्क किया गया. परिजन और शाहजहांपुर पुलिस भी आई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 11:48 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 12:47 PM IST
आगरा: पुलिस ने तीन ऐसे युवकों को हिरासत में ले लिया, जो एक युवती को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने वाले थे. युवती शाहजहांपुर जिले की है. वह अपने प्रेमी से मिलने के लिए आगरा पहुंची थी. यहां पहुंचने पर जब उसे शक हुआ तो उसने प्रेमी के साथ जाने से इंकार कर दिया.
इसके बाद फिरोजाबाद के मूल निवासी उसके प्रेमी और उसके दो साथी युवती को जबरन ऑटो में बैठाने लगे. युवती के इंकार और युवकों की जबरदस्ती देखकर वहां काफी लोग पहुंच गए.
कुछ हिंदूवादी संगठन के लोग भी वहां पहुंचे और युवकों का आधार कार्ड मांगा. हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लिया और युवती के साथ थाने लेकर पहुंचे.
थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि सौ फुटा रोड पर अंबेडकर पार्क के पास तीन युवक ऑटो में एक युवती को जबरन बैठा रहे हैं. युवती के हाथ में कलावा बंधा है और युवक टोपी पहने हैं.
इस पर राहगीरों ने उन्हें घेर लिया था. राहगीरों ने जब युवकों से आधार कार्ड दिखाने की बात कही तो युवकों ने हंगामा किया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों युवक और युवती को थाने पर ले आई.
शाहजहांपुर पुलिस साथ ले गई: युवती से पूछताछ करके उसके परिजन से संपर्क किया गया. इस पर परिजन और शाहजहांपुर पुलिस भी मौके पर आई. आगरा से शाहजहांपुर पुलिस तीनों युवकों और युवती को अपने साथ ले गई है. शाहजहांपुर में ही युवती की गुमशुदगी दर्ज है.
परिजनों ने शाहजहांपुर पुलिस को बताया था कि युवती परीक्षा देने के बहाने 21 फरवरी को घर से निकली. उसने 8 हजार रुपए भी घर से लिए थे. बाद में जब वह नहीं लौटी तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.
युवती ने पुलिस को क्या बताया: ट्रांस यमुना थाना पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि बीए की छात्रा हूं. शाहजहांपुर जिले के थाना तिलहर क्षेत्र की निवासी हूं. एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती फिरोजाबाद जिले के रामपुर निवासी युवक से हुई.
धीरे-धीरे बातचीत हुई और प्यार हुआ तो प्रेमी ने उसे मिलने और ताजमहल देखने के लिए आगरा बुलाया. उसने कहा कि ताजमहल में वह उसे प्रपोज करेगा. 21 फरवरी को घर से निकली और आगरा आई. प्रेमी से मिली तो पता चला कि उसका असली नाम सलमान है.
वहीं, छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी सलमान और उसके साथी मिलकर बेटी का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने की तैयारी में थे. गनीमत रही कि राहगीरों की सतर्कता से बेटी बच गई. आरोपी के खिलाफ शाहजहांपुर के तिलहर थाने की पुलिस भी लगी थी.

