ETV Bharat / state

यूपी में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा कल, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से होगी निगरानी

यूपी के कई जिलों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी, कड़ी जांच के बाद सेंटरों में मिलेगा प्रवेश.

bed joint entrance examination 2026 underway in up cctv surveillance examination centers
प्रतीकात्मक. (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 30, 2026 at 9:31 AM IST

|

Updated : May 30, 2026 at 1:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अमेठी/कानपुर/अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 कल यूपी के कई जिलों में आयोजित होगी. परीक्षा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सघन चेकिंग, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ पुलिस बल भी मुस्तैद किया गया है. अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद सेंटरों में प्रवेश दिया जाएगा.

अमेठी में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि जनपद में 31 मई 2026 को उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा केंद्रों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सोनारी कला, राजकीय इंटर कॉलेज टीकर माफी, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज, श्री रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज तथा श्री रणवीर इंटर कॉलेज अमेठी को शामिल किया गया है. परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी. प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक चलेगी. द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी.पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

वहीं, कानपुर में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. यहां कुल 9168 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. जिला समन्वयक की जिम्मेदारी निभा रहे एडीएम वित्त ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी तरह की कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी. परीक्षा शांतिपूर्ण कराई जाएगी.

अंबेडकरनगर में 24 केंद्रों पर होगी बीएड प्रवेश परीक्षा: जिले की जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकविहीन सम्पन्न कराया जाएगा. जिलाधिकारी ने परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन व शांतिपूर्ण कराने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट , स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया. डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बीएड प्रवेश परीक्षा संबंधी बैठक हुई. जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बीएड प्रवेश परीक्षा में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और जनपद हेतु 10902 परीक्षार्थी आवंटित है. परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल, कैलकुलेटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. बैठक में एडीएम (एफ /आर), प्रशिक्षु आईएएस थनीगईयरसन टी., अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

Last Updated : May 30, 2026 at 1:53 PM IST