केंदुआडीह गैस रिसाव: बीसीसीएल सीएमडी ने राहत कैंप में लोगों से की मुलाकात, कहा- कोल इंडिया चेयरमैन करेंगे दौरा
बीसीसीएल सीएमडी ने राहत कैंप का दौरा किया. गैस रिसाव प्रभावित लोगों से मुलाकात की.

Published : December 10, 2025 at 1:29 PM IST
धनबाद: केंदुआडीह में हुई जहरीली गैस रिसाव का कारण माइनिंग के बाद शेष बचे हुए कोयले हैं. माइनिंग के दौरान जो गैलरी बच गई, उनसे गैस रिसाव हो रहा है. बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल मंगलवार की रात राहत कैंप पहुंचे. प्रभावित लोगों से बातचीत के बाद मीडिया से भी बात की.
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि केंदुआडीह गैस रिसाव मामले में वैज्ञानिकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है. किसी-किसी जगह में काफी अधिक मात्रा में कार्बन मोनो ऑक्साइड का रिसाव हो रहा है, जो लोगों के लिए काफी खतरनाक है. मेडिकल व्यवस्था और राहत कैंप के जरिए लोगों को सुविधा मुहैया कराई जा रही है. प्रभावित इलाके में बसे लोगों का पुनर्वास पहली प्राथमिकता है.
लोगों को कर रहे जागरूकः सीएमडी
सीएमडी ने कहा कि हम अपने स्तर से लोगों को जागरूक करने के प्रयास कर रहे हैं. वर्तमान और भविष्य में हर समस्या का हल निकालने के लिए आईआईटी, आईएसएम, सिंफर व सीएमपीडीआई जैसे एजेंसी अपना काम कर रही हैं. सुरक्षित जगह पर लोगों को ले जाना ही एजेंसियों की एकमत सलाह है.
उन्होंने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन, एनडीआरएफ के साथ मिलकर इलाके का जायजा ले रही है. गैस पर काबू पाने के लिए फॉगिंग और वाटर स्प्रिंकलिंग इलाके में कराई जा रही है.
प्रभावित परिवारों का सुरक्षित रेस्क्यूः सीएमडी
उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाके पूरी तरह सुरक्षित होने और सभी परिवार को सुरक्षित स्थान में बसाने की कवायद में बीसीसीएल लगी हुई है. 3 दिसंबर को कार्बन मोनोऑक्साइड गैस रिसाव के बाद बीसीसीएल लोगों के हितों का ख्याल रखते हुए लगातार कार्य कर रही है. एमआरएस टीमों ने कई घरों में गैस का स्तर काफी अधिक पाया, जिसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया.
कोल इंडिया के चेयरमैन करेंगे धनबाद का दौरा
कोयला मंत्रालय भी घटना को लेकर काफी गंभीर है. कोल सचिव विक्रम देव दत्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए से बीसीसीएल और सिंफर के आला अधिकारियों से कर्मवार जानकारी ली. बीसीसीएल की ओर से चलाये जा रहे राहत और बचाव कार्यों के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली.
सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के दौरान अधिकारियों को आवश्यक आदेश भी दिए. बुधवार को कोल इंडिया के चेयरमैन सनोज कुमार झा धनबाद आ रहे हैं. वह गैस प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां की वस्तुस्थिति से अवगत होंगे, ताकि कोयला मंत्रालय को वर्तमान स्थिति से अवगत करा सकें.
यह भी पढ़ें:
धनबाद गैस रिसाव मामला: अलर्ट मोड पर सभी अस्पताल, मरीजों ने बताई गैस त्रासदी की कहानी

