कानपुर में JCB से टकराकर BCA छात्र की मौत; कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
PSIT के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. मनमोहन शुक्ला ने कॉलेज कैंपस के भीतर किसी भी प्रकार की दुर्घटना से इनकार किया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 5:35 PM IST
|Updated : February 24, 2026 at 7:45 PM IST
कानपुर/लखनऊ: सचेंडी स्थित PSIT कॉलेज में सोमवार शाम एक सड़क हादसा हो गया. कॉलेज कैंपस के भीतर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक JCB मशीन से टकराकर BCA फाइनल ईयर के छात्र प्रखर सिंह (21) की दर्दनाक मौत हो गई. इस दुर्घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया.
खाद कारोबारी के बेटे की मौत: रतनलाल नगर निवासी खाद कारोबारी प्रभाकर सिंह का बड़ा बेटा प्रखर सिंह को अपनी बाइक से कॉलेज गया था. शाम करीब 5 बजे जब कॉलेज की छुट्टी हुई, तो प्रखर पिछले गेट की ओर से बाहर निकल रहा था.
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी साथियों के अनुसार, कैंपस के पिछले हिस्से में काफी समय से निर्माण कार्य चल रहा है. वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे. दुर्घटना के समय प्रखर की बाइक के ठीक आगे से एक तेज रफ्तार कार गुजरी, जिससे सड़क पर धूल का भारी गुबार उड़ गया.
छात्र के कई अंगों को नुकसान पहुंचा: कम विजिबिलिटी के कारण प्रखर को सामने खड़ी जेसीबी दिखाई नहीं दी और उसकी बाइक सीधे उससे जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रखर के आंतरिक अंग, किडनी, फेफड़े और पैनक्रियाज बुरी तरह डैमेज हो गए. हादसे के तुरंत बाद साथी छात्र प्रखर को लेकर कल्याणपुर स्थित बीएमसी हॉस्पिटल पहुंचे. वहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन प्रखर को सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल ले गए.
इलाज के दौरान बीसीए छात्र की मौत: वहां देर रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रखर के चचेरे भाई अभय सिंह निवासी केशवपुरम ने बताया कि प्रखर का छोटा भाई प्रवीण सिंह लखनऊ की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा है. घर के बड़े बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है. परिजनों का साफ कहना है कि कॉलेज कैंपस में बिना सुरक्षा उपकरणों के भारी मशीनों से काम कराया जा रहा था, जो इस हादसे की मुख्य वजह बना.
कॉलेज से करीब 200 मीटर दूर हुआ हादसा: इस पूरे मामले में PSIT के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. मनमोहन शुक्ला ने कॉलेज कैंपस के भीतर किसी भी प्रकार की दुर्घटना से इनकार किया है. उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यह एक्सीडेंट कॉलेज परिसर से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुआ था, जिसका कॉलेज के अंदर के निर्माण कार्य से कोई लेना-देना नहीं है.
तहरीर मिलने पर पुलिस करेगी कार्रवाई: संचेडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई थी कि छात्र को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. रात्रि के समय इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
लखनऊ में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, इंटर के छात्र की मौत: लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 18 वर्षीय इंटर के छात्र नीतीश सोनवानी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है. पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है.
यह भी पढ़ें- अतीक-अशरफ का अंत, फिर भी खौफ के साये में क्यों है उमेश पाल का परिवार?

