जगदलपुर प्रतापगंज पारा भूमि आबंटन विवाद, सर्व समाज ने निगम कार्यालय घेरा, आंदोलन की दी चेतावनी
बस्तर के प्रतापगंज पारा में जमीन आबंटित करने का मुद्दा तूल पकड़ चुका है. सर्व समाज ने इस पर विरोध जताया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 22, 2026 at 9:54 PM IST
बस्तर: जगदलपुर शहर के प्रतापगंज पारा स्थित 15,168 वर्गफीट शासकीय भूखंड दिगम्बर जैन समाज को आबंटित हुई है. अब इस फैसले के खिलाफ सर्व समाज खड़ा हो गया है. दिगम्बर जैन समाज को जमीन आबंटित करने के फैसले के खिलाफ सोमवार को सर्व समाज ने रैली निकाली और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है. इस ज्ञापन के जरिए सर्व समाज ने जमीन के आबंटन को तुरंत रद्द करने की मांग की है.
बस्तर के मूलवासियों की अनदेखी का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिस भूमि को लेकर वर्ष 2022 से लगातार आपत्ति दर्ज कराई जा रही है, उसी भूमि के लगभग 7,500 वर्गफीट हिस्से की रजिस्ट्री भी कर दी गई है. रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आरोप लगाया कि बस्तर के मूलनिवासियों और स्थानीय समाज के हितों की अनदेखी की जा रही है. जिले की महत्वपूर्ण भूमि को बाहरी प्रभाव और दबाव में आबंटित किया जा रहा है.
आदिवासी समाज ने जताया विरोध
आदिवासी समाज के संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर का कहना है कि उन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान प्रशासन के समक्ष कई बार आपत्ति प्रस्तुत की. धरना-प्रदर्शन किया और अपनी परंपरागत मान्यताओं के अनुसार अर्जी भी लगाई. उसके बावजूद उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है. बस्तर की जमीनों से बस्तरवासियों को ही बेदखल करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. सर्व समाज का दावा है कि उस भूमि पर एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था. जहां सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने आने वाले श्रद्धालुओं, कलाकारों और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था की जा सकती थी.
बस्तर की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक आवश्यकताओं को देखते हुए इस भूमि का उपयोग जनहित में किया जाना चाहिए. परंतु इस जमीन को दूसरे लोगों को आबंटित किया गया है. यदि आबंटन निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा- प्रकाश ठाकुर, संभागीय अध्यक्ष, आदिवासी समाज
सर्व समाज ने दी चेतावनी
सर्व समाज ने घोषणा की है कि आंदोलन की अगली कड़ी में पहले विधायक का घेराव किया जाएगा. इसके बाद सांसद और मंत्री का भी घेराव कर विरोध दर्ज कराया जाएगा. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक भूमि आबंटन निरस्त नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. फिलहाल प्रतापगंज पारा भूमि विवाद शहर में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर क्या फैसला लेता है.

