बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी ने की आत्महत्या करने की कोशिश, अस्पताल में भर्ती
बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 30, 2025 at 6:54 PM IST
बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर विधानसभा के कांग्रेसी विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल द्वारा आत्महत्या करने की कोशिश का मामला सामने आया है. सुमित्रा बघेल को गंभीर स्थिति में जगदलपुर के महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.
सुमित्रा बघेल ने पुलिस को क्या जानकारी दी
पुलिस द्वारा लिए गए बयान पर सुमित्रा बघेल ने बताया कि उनकी मां का देहांत होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थीं. इसके बाद मंगलवार की सुबह धारदार चाकू से अपने हाथों की नसों को काटने के साथ गले पर भी खुद से वार किया. जिससे उन्हें काफी चोट पहुंची. लहूलुहान हालत में उन्हें विधायक के सरकारी बंगले में मौजूद कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल इस मामले में अब तक विधायक लखेश्वर बघेल का कोई बयान सामने नहीं आया है.
जगदलपुर पुलिस का बयान
जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार का कहना है कि प्रारंभिक जांच में और उनके द्वारा दिए गए बयान में आत्महत्या करने की कोशिश की बात सामने आई है. जिसकी वजह मानसिक रूप से बीमार बताया गया है. फिलहाल पुलिस हर पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है. गले में चाकू लगने की वजह से काफी गंभीर चोट आई है. डॉक्टरों द्वारा ईलाज जारी है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.
सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सुमित्रा बघेल महारानी अस्पताल में भर्ती हुईं हैं, क्योंकि उनको कुछ इंज्यूरी थी. कोतवाली पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. परिजनों से बातचीत की गई, मेड से भी बातचीत हुई, डॉक्टर से भी चर्चा हुई. सुमित्रा बघेल ने बताया कि उन्होंने खुद को चोटिल किया. भाई ने भी बताया कि विगत कुछ महीनों से सुमित्रा बघेल परेशान थीं.अगस्त महीने में उनकी मां की मौत हुई थी. उनके कुछ मेडिकल इश्यू भी थे. ट्रीटमेंट चल रहा था. इसके कारण वह डिप्रेशन में थी-सुमित कुमार, सीएसपी, जगदलपुर
सीएसपी ने कहा कि जब सुमित्रा के भाई ने भी बताया कि बीते कुछ समय से सुमित्रा बीमार हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. डॉक्टरों के बताए अनुसार गले में गंभीर चोट है, जिससे बातचीत करने में दिक्कत है. हालांकि खतरे से फिलहाल बाहर हैं. कुछ दिनों में रिकवर होने की संभावना जताई जा रही है.
घटना के बाद शुरुआती समय में यह जानकारी निकल कर सामने आई थी कि हमला उनके भतीजे ने किया था. लेकिन सीएसपी ने बताया कि यह पूरी तरह से अफवाह है. सुमित्रा बघेल का कोई भी भतीजा नहीं है और परिवार के सभी सदस्यों के साथ सुमित्रा का संबंध काफी अच्छा है.

