बस्तर सत्ता की कुंजी, बस्तर से बदलाव शुरू होकर दूसरे संभागों तक पहुंचेगा- दीपक बैज
बस्तर में कांग्रेस के तीन दिनों तक चले मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों को दी गई ट्रेनिंग.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : September 2, 2026 at 11:25 AM IST
जगदलपुर: छत्तीसगढ़ में आगामी 2028 विधानसभा चुनाव और उसके लिए जमीनी स्तर पर अपने ब्लाक अध्यक्षों को पूरी तरह से चुनाव के लिए तैयार करने के लिए कांग्रेस संगठन की पाठशाला बस्तर से शुरू हुई. प्रशिक्षण शिविर की शुरुवात पहले चरण में बस्तर से की गई.
मिशन 2028, बस्तर पर फोकस
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी पांचों संभागों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत बस्तर संभाग से हुई. इन शिविरों में प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने क्लास ली. ब्लॉक कांग्रेस और मास्टर ट्रेनर पर बेहतर चर्चा हुई. यहां से निकलने के बाद ब्लॉक अध्यक्ष नए कलेवर के रूप में काम करेंगे. आक्रामक, बदले हुए रूप में जनता के मुद्दों को लड़ाई लड़ेंगे. इससे कांग्रेस को फायदा होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी. विधानसभा चुनाव 2028 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे.
दीपक बैज ने बताया कि तीन दिनों तक चले मास्टर ट्रेनर्स शिविर में संभागभर 58 ब्लॉक अध्यक्षों के साथ 20 मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया. प्रशिक्षण के दौरान संगठन को मजबूत करने, जनता से सीधे कनेक्ट होने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने को लेकर प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेता, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव, मोहन मरकाम, राजेश तिवारी ने टिप्स दिए.
बस्तर सत्ता की कुंजी रही है. सरकार बनाना है तो बस्तर से शुरू होती है, तो इस बार बदलाव भी बस्तर से शुरू होगा जो मैदानी इलाके रायपुर, दुर्ग बिलासपुर सरगुजा तक पहुंचेगा. कांग्रेस इस ट्रेनिंग प्रोग्राम से मजबूत बनेगी- दीपक बैज, पीसीसी चीफ
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी
पीसीसी चीफ ने कहा कि आगामी चुनाव पर पूरा फोकस रखा गया. प्रशिक्षण के समापन के बाद मिशन 2028 की तैयारी भी बस्तर में तेज कर दी जाएगी. ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर आम जनता के बीच पहुंचकर जनसंपर्क कर पार्टी को मजबूत बनाने पर काम करेंगे.

