ETV Bharat / state

कर्ज लेकर बोया गेहूं और चना, बेमौसम बारिश ने आड़ी कर दी फसल, चिंता में किसानों

बड़वानी में बेमौसम बारिश का कहर, आंधी बारिश से खेतों में खड़ी फसल हुई आड़ी, पीड़ित किसानों ने की मुआवजे की मांग.

BARWANI WEATHER UPDATES
बड़वानी में बेमौसम बारिश का कहर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 5:21 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बड़वानी: राजपुर तहसील अंतर्गत सिद्ध क्षेत्र नागलवाड़ी, ओझर और देवनली में बेमौसम बारिश और आंधी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. खेतों में लहलहा रही गेहूं और डॉलर चने की फसल तेज हवाओं के कारण जमीन पर बिछ गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. प्रभावित किसानों में श्याम मेवाड़े, कमल वास्कले और सरदार वास्कले सहित कई छोटे एवं मध्यम किसान शामिल हैं. किसानों का कहना है कि उन्होंने बीज, खाद और दवाइयों के लिए कर्ज लेकर फसल तैयार की थी. लेकिन कटाई से पहले ही प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदें तोड़ दीं.

कई एकड़ में फसल पूरी तरह गिरी
किसानों के अनुसार, कई एकड़ में फसल पूरी तरह गिर चुकी है. खेतों में पानी भरने और तेज हवा के कारण उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की संभावना है. पीड़ित किसानों का आरोप है कि अब तक न तो कोई सर्वे शुरू हुआ है और न ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा है. सरकार द्वारा किसानों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन संकट की इस घड़ी में राहत व्यवस्था धरातल पर नजर नहीं आ रही. किसानों ने मांग की है कि तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे कर्ज के बोझ से उबर सकें और अगली फसल की तैयारी कर सकें.

बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल हुई बर्बाद (ETV Bharat)

भारी आर्थिक संकट बन सकता है
किसान श्याम मेवाड़े और सरदार वास्कले का कहना है कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिली तो यह नुकसान उनके लिए भारी आर्थिक संकट बन सकता है. उनका आरोप है कि अधिकारी क्षेत्र में कई बार पहुंचे, लेकिन प्रभावित खेतों का निरीक्षण नहीं किया गया.'' इधर राजपुर तहसीलदार ने खेतों का सर्वे कराने का आश्वासन दिया है.

Wheat crops destroyed barwani
खेतों में बिछी गेहूं और चने की फसल (ETV Bharat)

फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं
राजपुर तहसीलदार जेपी डावर ने बताया कि, ''क्षेत्र में कुछ किसानों की गेहूं की फसल गत दिनों हुई बारिश और हवा आंधी के चलते आड़ी पड़ गई थी. बाकी क्षेत्र में फसलों को लेकर ज्यादा नुकसानी नहीं है. किसानों की शिकायत के बाद पटवारी द्वारा खेतों में जाकर किसानों की फसल को देखा जा रहा है. अधिकारी पहुंचकर पंचनामा बनाकर सर्वे करवाएंगे.''