ETV Bharat / state

बड़वानी में भीषण गर्मी के बीच ट्रांसफार्मर खराब, कई दिनों से नहीं मिल रहा पेयजल, बेहाल हो रहे लोग

बड़वानी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट का विकराल रूप, 42 डिग्री तापमान में महिलाएं-बच्चे कई किमी दूर से पानी लाने को मजबूर.

POWER TRANSFORMER FAILURE
बड़वानी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट का विकराल रूप (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 28, 2026 at 6:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट विकराल रूप ले चुका है. विद्युत ट्रांसफार्मर बीते कई दिनों से खराब होने के चलते पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है. जिससे पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. महिलाएं 42 डिग्री तापमान में पानी के लिए कई किलोमीटर का सफर तय कर रही हैं.

भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण

पूरा मामला ग्राम तलुन खुर्द का है. यहां गांव के हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है. महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के खेतों और कुओं से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. भीषण गर्मी में पानी के लिए यह जद्दोजहद ग्रामीणों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. कई परिवारों को दिनभर में कई बार लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बर्बाद हो रहे हैं.

भीषण गर्मी में प्यास बुझाने को कुआं बना सहारा (ETV Bharat)

अधिकारियों पर लगे लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद ट्रांसफार्मर को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

झूठे आश्वासन के सहारे जिंदा रहने को मजबूर ग्रामीण

सरपंच प्रतिनिधि लोकेश नरगावे ने बताया, "मैंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर ट्रांसफार्मर सुधारने की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है. विभागीय लापरवाही के कारण पूरे गांव को इस गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है."

BARWANI HEAT WAVE
विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पेल संकट (ETV Bharat)

विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक नहीं किया गया तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं. पानी की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं, खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जब ईटीवी भारत की टीम बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. इस दौरान किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर और भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.