बड़वानी में पलटने के बाद 400 मीटर घिसटा टैंकर, हजारों लीटर दूध बहा, हेल्पर की मौत
बड़वानी में कोहरे के चलते पलटा दूध से भरा टैंकर, हादसे में हेल्पर की मौके पर मौत, चालक गंभीर रूप से घायल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 5:05 PM IST
बड़वानी: अंजड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया. सांची दूध से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें टैंकर के हेल्पर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा तलवाड़ा बुजुर्ग गांव स्थित नंदनी गौशाला के पास सुबह लगभग 8 बजे के आसपास घटित हुआ है. बताया जा रहा है कि पलटने के बाद टैंकर करीब 400 मीटर तक घिसटता चला गया था. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है.
9700 लीटर दूध लेकर सेंधवा जा रहा था टैंकर
जानकारी के अनुसार, टैंकर (क्रमांक MP 09 GH 6328) बड़वानी की सांची डेयरी से करीब 9700 लीटर दूध लेकर राजपुर के रास्ते सेंधवा की ओर जा रहा था. इस दौरान क्षेत्र में छाए घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई और टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास खड़ा एक लोहे का बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे में हेल्पर की मौत, चालक गंभीर घायल
दुर्घटना में टैंकर के हेल्पर कन्हैयालाल मुजाल्दे (35) निवासी ग्राम काटियाखेड़ी, जिला बड़वानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं चालक अमजद अहमद शेख (35) निवासी खदान मोहल्ला बड़वानी, गंभीर रूप से घायल हो गया. ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और दोनों को जिला अस्पताल बड़वानी पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर किया गया.
सड़क पर बहा हजारों लीटर दूध
हादसे के दौरान टैंकर के ढक्कन पर लगी सील टूटने से हजारों लीटर दूध सड़क पर बह गया, जिससे राहगीरों और आसपास के किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई. घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए.

- सिंगरौली में अवैध डीजल का खेल, यूपी और गुजरात से भरकर आते हैं टैंकर
- अचानक डिब्बे-बाल्टी लेकर हाईवे किनारे दौड़ने लगे लोग, तेल लूट से लगा 5 घंटे का जाम
- बड़वानी में महिला की मौत पर बवाल, नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर ट्रक फूंका
वहीं, अस्पताल चौकी पुलिस तथा अंजड़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस को प्राथमिक अनुमान है कि घना कोहरा और तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बनी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने और संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है.
400 मीटर घिसटा टैंकर
मामले में अंजड़ थाना प्रभारी राजा राम चौहान ने बताया, कि, टैंकर पलटने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे. हेल्पर के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पूरे मामले में जांच की जा रही है. फिर आगे की कार्यवाही की जायेगी.'' वहीं 108 एंबुलेंस के चालक ऋषभ ने कहा, ''कोहरा होने के कारण टैंकर पलटा है. हादसे के बाद टैंकर करीब 400 मीटर तक घिसटा है. घायल को हमने अस्पताल में पहुंचाया.''

