बड़वानी के राहुल की अनोखी कला, चावल के 6 लाख दानों से बनाई पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर
बड़वानी के राहुल चौहान ने 4.3 किलोग्राम चावल से बनाया पीएम मोदी का चित्र, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में हो सकता है नाम दर्ज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 29, 2025 at 6:55 PM IST
बड़वानी: हरिबड़ गांव के 17 वर्षीय छात्र राहुल चौहान ने अपनी अद्भुत कला से पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है. किसान परिवार से आने वाले राहुल ने चावल के 6 लाख दानों को रंगकर और उसे बारीकी से जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र तैयार किया है. लगभग 4 किलो 300 ग्राम चावल से बनाए गए इस चित्र को तैयार करने में राहुल ने लगातार 26 दिन तक मेहनत की है.
राहुल की कला की हो रही तारीफ
राहुल की यह अनोखी कलाकृति न केवल जिले में बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है. ग्रामीणों से लेकर स्थानीय कलाकारों तक, हर कोई राहुल की कला की सराहना कर रहा है. राहुल ने बताया कि "मैं हमेशा से ही प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक विचारों और उनके कार्यों का प्रशंसक रहा हूं. इसी भावना को अभिव्यक्ति देने के लिए यह अनोखी कोशिश की.
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के लिए भेजी
राहुल ने अपनी यह कलाकृति गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज करने के लिए संबंधित को भेजी है. जहां से उन्हें सकारात्मक जवाब की उम्मीद है. यदि यह कलाकृति विश्व रिकॉर्ड में दर्ज होती है, तो बड़वानी का नाम वैश्विक कला मंच पर चमक उठेगा. राहुल की इच्छा है कि वे जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करें और उनके सामने अपनी कला के साथ किसानों की समस्याओं को भी रखें.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक कलाकृति नहीं, बल्कि जुनून, मेहनत और प्रतिभा की मिसाल है, जो यह संदेश देती है कि बड़े सपने देखने के लिए महान शहरों की नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम की आवश्यकता होती है.

- रेलवे छोड़ा ब्रश थामा: अनीता का गजब शौक, महादेव से मोदी तक लौकी पर किया कमाल
- जीभ से अद्भुत पेटिंग! 5 मिनट में बना दिया बॉलीवुड एक्टर सलमान खान का पोट्रेट
राहुल चौहान ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री जी को हमेशा से प्रेरणा मानता हूं. जब भी टीवी पर उनके भाषण या योजनाएं देखता हूं, तो लगता है कि देश के किसानों और युवाओं के लिए वे बहुत कुछ कर रहे हैं. इसी प्रेरणा से मैंने चावल के दानों से उनकी तस्वीर बनाई है. उम्मीद है कि एक दिन उनसे मिलकर अपने गांव और किसानों की समस्याएं साझा कर सकूं."

