मोहन कैबिनेट बैठक से पहले भीलटदेव मंदिर में पूजा-अर्चना, आदिवासी गीतों की धुन पर थिरके मंत्री
मोहन यादव सरकार की छठी डिस्टिनेशन कैबिनेट बैठक बड़वानी में, आदिवासी गीतों के साथ हुआ मंत्रियों और सीएम का स्वागत, मोहन यादव ने की पूजा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 12:53 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 1:03 PM IST
बड़वानी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहली कृषि कैबिनेट बैठक सोमवार को बड़वानी में हो रही है. यह कृषि कैबिनेट बैठक बड़वानी के नागलवाड़ी स्थित शिखरधाम में हो रही है. बैठक के लिए सीएम मोहन यादव हेलीकॉप्टर से सीधे शिखरधाम पहुंचे. जहां 800 साल पुराने भीलट देव मंदिर में पूजा-अर्चना की. सीएम के साथ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री तुलसी सिलावट, गौतम टेटवाल और विजय शाह सहित कई मंत्री मौजूद रहे.
बड़वानी में गार्डन को दिया मंत्रालय का रूप
मंदिर में दर्शन के बाद कैबिनेट की बैठक प्रारंभ शुरू हो गई है. जिसमें 25 से ज्यादा मंत्रियों के शामिल होने की जानकारी है. बैठक के बाद मुख्यमंत्री जनजातीय समुदाय से संवाद करेंगे और जुलवानिया के भगोरिया हाट में भी हिस्सा लेंगे. शिखरधाम में भीलटदेव मंदिर की तलहटी पर बने 8 एकड़ के गार्डन को अस्थायी मंत्रालय का रूप दिया गया है. यहां कृषि प्रदर्शनी, ग्रीन रूम, कैबिनेट हॉल और भोजनशाला के लिए विशाल एसी डोम शेड तैयार किए गए हैं.
आदिवासी गीतों पर थिरके कैबिनेट मंत्री
सीएम और मंत्रियों के आगमन के दौरान आदिवासी लोक कलाकारों ने पारंपरिक स्वागत किया. इस अवसर पर मंत्री गौतम टेटवाल ने आदिवासी जैकेट पहनकर महिलाओं के साथ लोकनृत्य भी किया, जिसका दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा. कैबिनेट बैठक की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने स्थल का निरीक्षण कर समीक्षा की थी.

बैठक में कृषि और किसानों पर फोकस
बैठक में कृषि से जुड़े मुद्दों पर खासतौर पर चर्चा की जाएगी. जिससे खेती को मध्य प्रदेश में लाभ का धंधा बनाया जा सके. साथ ही कहा यह भी जा रहा है कि मसाला फसलों को बढ़ावा देने को लेकर सरकार नई योजना की शुरूआत कर सकता है. इसके अलावा पशुपालकों को आधुनिक तरीके से खेती सिखाने के लिए ब्राजील में ट्रेनिंग दिलाने पर भी चर्चा हो सकती है.
- मोहन सरकार खेत में बैठकर लेगी निर्णय, पहली बार नागलवाड़ी में होगी कैबिनेट बैठक
- मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की मिलेगी डबल खुशी, गहरा चढ़ेगा होली का रंग, मोहन सरकार का गिफ्ट
मध्य प्रदेश सरकार की छठी डिस्टिनेशन कैबिनेट बैठक
बताया जा रहा है कि यह मध्य प्रदेश की छठी डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक है. बैठक में निमाड़ अंचल के सात जिलों खंडवा, खरगौन, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ और आलीराजपुर पर विशेष फोकस रहेगा. सरकार का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर कृषि विकास, सिंचाई, मसाला फसलों को बढ़ावा और किसानों की आय बढ़ाने संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लेना है.

