जयपुर से लौटे मेवाराम जैन का बयान, बोले- बाड़मेर कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं, एकजुट होकर जीतेंगे निकाय चुनाव
पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने कांग्रेस में गुटबाजी को नकारते हुए एकजुटता का दावा किया और विकास के मुद्दे पर भाजपा को घेरा.

Published : August 23, 2026 at 8:28 PM IST
बाड़मेर: जयपुर से बाड़मेर लौटे पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने रविवार शाम को अपने कार्यालय में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया. बाड़मेर कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपना पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है. आगामी चुनावों को भी सब मिलकर पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगे. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस बहुमत के साथ नगर परिषद में फिर से अपना बोर्ड बनाएगी.
नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव की तैयारी: पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि "कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. ऐसे में आगामी चुनावों को देखते हुए मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और हम सब एक हैं. उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस में कोई गुटबाजी देखने को नहीं मिलेगी और हम सब मिलकर एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने बताया कि आगामी चुनावों को लेकर पूरी रणनीति के साथ तैयारी की जा रही है और हम प्रत्येक वार्ड में जा रहे हैं."
इसे भी पढ़ें- बाड़मेर में कांग्रेस में फिर गुटबाजी: पूर्व विधायक अमीन खान ने पार्टी बैठक में जाने से किया इनकार
भाजपा पर साधा निशाना: भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले ढाई-तीन सालों में शहर के हालात आप सबके सामने हैं. सड़कें टूटी हुई हैं और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं. सीवरेज, नाली, पानी, बिजली आदि को लेकर भी हालात बेहद खराब हैं. उन्होंने कहा कि बाड़मेर में पिछले ढाई-तीन सालों में विकास पूरी तरह से रुका हुआ है. जैन ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस पार्टी में कहीं भी टकराव देखने को नहीं मिलेगा, सारे नेता मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे. उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ बाड़मेर नगर परिषद में फिर से बोर्ड बनाएगी.
भाजपा के आरोपों पर पलटवार: पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने भाजपा नेताओं को घेरते हुए कहा कि "उन्होंने मुझ पर खूब आरोप लगाए थे कि मैं भू-माफिया से मिला हुआ हूँ, जमीनों पर कब्जा करने और पहाड़ काटने में शामिल हूं. बीजेपी वालों ने आरोप लगाने में कोई कमी नहीं छोड़ी, लेकिन उन्होंने ढाई-तीन साल में इस पर क्या किया?" मेवाराम जैन ने कहा कि भू-माफिया, पहाड़ काटने और जमीनों पर कब्जा करने वाले आज कहां खड़े हैं, यह सब जानते हैं. उन्होंने पूछा कि आरोप लगाने वाले कहाँ गए और क्या इन ढाई-तीन सालों में कोई कार्रवाई हुई? उन्होंने स्वयं जवाब देते हुए कहा कि कुछ नहीं हुआ है.
इसे भी पढ़ें- चरित्र पर सवाल उठाने वाले नेताओं का हो नार्को टेस्ट, हकीकत आएगी सामने: पूर्व विधायक मेवाराम जैन

