Son Killed Father : बेटे ने ससुर व साले के साथ मिलकर अपने पिता से की मारपीट, इलाज के दौरान मौत
जमीन के पैसों को लेकर शुरू हुआ था झगड़ा. इलाज के दौरान पिता ने तोड़ा दम. जानिए पूरा मामला...

Published : July 9, 2026 at 6:06 PM IST
|Updated : July 9, 2026 at 7:09 PM IST
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले में जमीन के पैसों को लेकर हुए मामूली विवाद के चलते बेटे ने अपने ही पिता के साथ जबरदस्त तरीके से मारपीट की वारदात को अंजाम दिया. गंभीर रूप से घायल पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. घटना जिले के सदर थाना इलाके शोभाला जेतमाल गांव के सियोलो की ढाणी की है. पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
60 वर्षीय किसान रावताराम के तीन बेटे हैं और वह अपने छोटे बेटे के साथ रहते थे. जबकि अन्य बेटे अलग रहते हैं. मृतक के भाई किस्तूराराम के मुताबिक पिता रावताराम और बीच वाले बेटे रेखाराम के बीच जमीन के पैसों को लेकर काफी समय पारिवारिक झगड़ा चल रहा था. बुधवार रात को रेखाराम अपने ससुर और साले के साथ पिता रावताराम के घर पहुंचा, जहां पिता और पुत्र में कहासुनी हो गई.
पढ़ें : Son Killed Father : नाबालिग बेटे ने धारदार हथियार से पिता का गला रेता, जांच में जुटी पुलिस
देखते ही देखते विवाद इस कदर बढ़ गया कि बात मारपीट पर तक पहुंच गई. इस झगड़े में रावताराम बुरी तरह घायल हो गए. जिसके बाद बीच-बचाव करते हुए रात में परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं, गुरुवार को इलाज के दौरान रावताराम ने दम तोड़ दिया. जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर शव मोर्चरी में रखवाया है.
परिजनों की रिपोर्ट पर मृतक के बेटे और उसके सुसर व साले सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. फिलहाल, सदर थाना पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. - करतार सिंह, सदर थानाधिकारी.

