बरेली में हरियाली पर चला आरा; ढहा दिए गए दर्जनों बूढ़े दरख़्त
किला थाना क्षेत्र में बीते शनिवार तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराने के बाद एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:03 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 12:34 PM IST
बरेली : किला थाना क्षेत्र में बीते शनिवार हुए सड़क हादसे की सजा सड़क किनारे खड़े वर्षों पुराने हरे भरे दरख्तों को भुगतना पड़ी. हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी. इसके बाद वन विभाग ने सड़क किनारे खड़े पुराने पेड़ों को हटाने की कार्रवाई के तहत कई विशालकाय पेड़ों को ढहा दिया गया. साथ ही अन्य पेड़ों को चिह्नित किया जा रहा है जो भविष्य में हादसे की वजह बन सकते हैं.
सीओ वैभव चौधरी ने बताया कि किला थाना क्षेत्र में बीते शनिवार को एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई थी. दुर्घटना में महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई थी. इसके पहले भी इस क्षेत्र में कई हादसे हो चुके थे. हादसों के पीछे मुख्य वजह सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वर्षों पुराने पेड़ हैं. इसकी शिकायत स्थानीय लोग लगातार कर रहे थे. इस समस्या के बाबत वन विभाग को अवगत कराया गया था. इसी क्रम में वन विभाग टीम ने मंगलवार को सड़क से सटे पेड़ों को हटाने की कार्रवाई की.
सीओ वैभव चौधरी के मुताबिक पहले चरण में सड़क किनारे वाले तीन-चार पेड़ काटे गए हैं. हटाए गए पेड़ों में सेमर, गुल्ले, शीशम सहित अन्य प्रजातियों के वर्षों पुराने पेड़ शामिल थे. साथ ही ऐसे अन्य पेड़ों को चिह्नित किया जा रहा है जो यातायात के लिहाज से बाधक बन रहे हैं.
वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जैसे स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर और बैरिकेडिंग कर ली जाए तो दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है. ऐसे में हरे भरे पेड़ों की कटान टाली जा सकती है. बहरहाल संबंधित विभागों को नेशनल हाईवे और व्यस्त मार्गों के किनारे खड़े हरे भरे पेड़ों को काटने की बजाय उन्हें बचाने और यातायात सुगम बनाने की दिशा में समीक्षा करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें : आगरा: हरे पेड़ों पर चली बिजली विभाग की कुल्हाड़ी
यह भी पढ़ें : ...कैसे बचेगा पर्यावरण, जब CMO आवास में लगे जामुन के पेड़ पर चला आरा

