ETV Bharat / state

Alert on Holi; आंखों में रंग पड़ने पर न करें नजरअंदाज, तुरंत करें ये उपाय

बाजारो में केमिकलयुक्त रंग और गुलाल बिकते हैं. ऐसे में जरा सी असावधानी आपकी खुशियों में खलल डाल सकती है.

आंखों में रंग पड़ने पर न करें अंदाज.
आंखों में रंग पड़ने पर न करें अंदाज. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 2:59 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली : होली खुशियों और उमंग का त्योहार है. इस दिन बच्चे-बड़े, युवा-बुजुर्ग सभी रंग-गुलाल खेल कर पर्व का लुत्फ उठाते हैं. ऐसे में रंगों से आंखों की सुरक्षा सबसे जरूरी है. आंख में रंग पड़ने पर नजरअंदाज करने की बजाय कुछ घरेलू उपाय के साथ चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए. जानिए बरेली जिला अस्पताल की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा वार्ष्णेय से जरूरी टिप्स...

आंखों में रंग पड़ने पर करें ये उपाय. देखें पूरी खबर (Video Credit : ETV Bharat)





ईटीवी भारत से बातचीत में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा वार्ष्णेय ने बताया कि होली खेलते समय आंखों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. बाजार में बिकने वाले मिलावटी और केमिकल युक्त रंग त्वचा-बालों के साथ आंखों को नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे रंगों से आंखों में जलन, लालिमा, सूजन और लगातार पानी आने की शिकायतें आम होती हैं.


डॉ. वर्षा वार्ष्णेय के अनुसार रंग लगवाते समय आंखें बंद रखें और कोशिश करें कि कोई भी व्यक्ति जबरन चेहरे पर रंग न लगाए. यदि गलती से आंखों में रंग चला जाए तो घबराएं नहीं. सबसे पहले साफ और ताजे पानी से आंखों को कई बार अच्छी तरह धो लें. आंखों में रंग जाने पर लोग अक्सर उन्हें रगड़ने लगते हैं जो खतरनाक हो सकता है. रगड़ने से कॉर्निया में खरोंच आ सकती है और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए आंखों को बिल्कुल न रगड़ें.



डॉ. वार्ष्णेय के मुताबिक ठंडे पानी से आंखें धोने के बाद कुछ देर आंखें बंद करके आराम करें. घर में लुब्रिकेंट या डॉक्टर द्वारा पहले से दी गई आई ड्रॉप हो तो उसका इस्तेमाल किया जा सकता है. यदि यह उपलब्ध न हो तो शुद्ध गुलाब जल की कुछ बूंदें डाली जा सकती हैं. इसके बावजूद अगर जलन, दर्द, लालिमा या धुंधलापन बना रहे तो लापरवाही न करें और तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें. देर करने पर समस्या गंभीर रूप ले सकती है और आंखों को स्थायी नुकसान भी पहुंच सकता है.

यह भी पढ़ें : तेज धूप-गर्मी में न करें आंखों की सुरक्षा को नजरअंदाज, साल भर रहता है इस बात का खतरा

यह भी पढ़ें : अमरोहाः ऐसा शहर जहां मुस्लिम करते हैं हिंदुओं के त्योहार होली की तैयारी