बरेली में रुपयों के लेन-देन को लेकर बीजेपी नेता सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी फरार
सुभाष नगर थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर बीजेपी ओबीसी मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 3:51 PM IST
बरेली: बरेली में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में भाजपा ओबीसी मोर्चा के मढ़ीनाथ मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
वारदात सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ चौकी इलाके की मांझे वाली बगिया, वंशी नगला गांव की है. करीब 35 साल के सचिन कश्यप का अपने ही मोहल्ले के रहने वाले मोहित उर्फ बाबू से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था.
सीने पर चाकू से वार कर उतारा मौत के घाट: पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर बाबू ने सचिन के सीने पर चाकू से वार कर दिया. गंभीर हालत में सचिन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जानकारी के मुताबिक करीब एक महीने पहले भी सचिन और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था. उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन एक बार फिर पैसों को लेकर विवाद हुआ और मामला खूनी वारदात में बदल गया.
चार नामजद आरोपी फरार, पुलिस की दबिश जारी: घटना के बाद मोहित उर्फ बाबू, अमित और आशीष मौर्य समेत आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
तीन पुलिस टीमों का गठन, जल्द होगी गिरफ्तारी: सीओ नितिन कुमार ने बताया कि मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है. फिलहाल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी, आरोपियों के लिए दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- दुनिया के घर रोशन करने वाले खुद बदहाल; टूटे-फूटे आशियानों में रहने को मजबूर, सुहाग नगरी का कड़वा सच

