हल्द्वानी में बैंकेट हॉल स्वामी का कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी में बैंकेट हॉल स्वामी का कार में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद पुलिस पड़ताल में जुट गई है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 28, 2026 at 12:00 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के पास एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिला. मामला सुशीला तिवारी अस्पताल के नजदीक का है, जहां 32 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया. सूचना मिलते ही सीओ और कोतवाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित घूंघट बैंकेट हॉल स्वामी के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है.
हल्द्वानी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिला. सुशीला तिवारी अस्पताल के पास एक खड़ी कार में 32 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल के पास लंबे समय से खड़ी एक कार पर लोगों की नजर गई. वाहन के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में दिखाई दिया. जब आसपास के लोगों ने पास जाकर देखा तो व्यक्ति में कोई हरकत नहीं थी. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार और कोतवाल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाकर जांच की तो व्यक्ति मृत पाया गया. प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. मृतक की पहचान 32 वर्षीय अरुण बिष्ट के रूप में हुई है. अरुण बिष्ट बरेली रोड स्थित घूंघट बैंकेट हॉल संचालित करता था. पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.
सीओ अमित कुमार ने बताया कि सुशीला तिवारी अस्पताल के पास एक कार से व्यक्ति मृत अवस्था में मिला था. शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक का बरेली रोड में बैंकेट हॉल भी है. मामले की जांच की जा रही है. मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद चल पाएगा. वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है.
पढ़ें-

