वाराणसी एयरपोर्ट पर विदेशी नागरिक के पास मिला प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन, महिला मित्र के साथ जा रहा था मुंबई
जांच के दौरान विदेशी नागरिक के बैग से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन मिला. इसके बाद उसको पूछताछ के लिए फूलपुर थाना भेज दिया गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 10:17 PM IST
वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेशी नागरिक के पास सैटेलाइट फोन मिलने से हड़कंप मच गया. हवाई अड्डा पर सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने विदेशी नागरिक के बैग से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद किया. इसके बाद उसको फूलपुर थाना पूछताछ के लिए भेज दिया गया. सूचना मिलने पर जांच एजेंसी विदेशी नागरिक से पूछताछ की.
बाबतपुर स्थित लाला बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों को स्विट्जरलैंड निवासी 34 वर्षीय आंद्रे सायरिल न्यूवेंसवांडर के पास से प्रतिबंधित सेटेलाइट फोन बरामद हुआ. विदेशी नागरिक अपनी महिला मित्र के साथ भारत भ्रमण पर था. वाराणसी भ्रमण के बाद वह एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-696 से मुंबई जाने वाला था.
पुलिस ने जारी प्रेस रिलीज में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद विदेशी नागरिक को एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों ने फूलपुर पुलिस को सौंपा है. जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो, एटीएस सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ की. अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि सैटेलाइट फोन किस उद्देश्य से लाया गया था और क्या इसके लिए कोई वैध अनुमति प्राप्त की गई थी या नहीं.
जांच में कोई भी संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया. पुलिस ने प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन को विधिवत जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. जिसमें विधिक अनुसार औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विदेशी नागरिक को छोड़ दिया गया.
इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. सभी यात्रियों की सघन जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें : लखनऊ में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में UGC पर चुप रहे डॉ. दिनेश शर्मा, लोगों ने की जमकर नारेबाजी

