बन्ना गुप्ता का केंद्र पर हमला, एमएमडीआर बिल को बताया झारखंड के अधिकारों पर प्रहार
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने MMDR संशोधन बिल, 2026 का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

Published : August 25, 2026 at 9:03 PM IST
जमशेदपुर: कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन बिल, 2026 का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आज भाजपा में कम्पटीशन चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश को डूबाने का काम कर रहे हैं. कांग्रेस उनके मनसूबे को कभी कामयाब नहीं होने देगी.
कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बात
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावा जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवदेश सिंह, संजय सिंह आजाद के साथ कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे.
केंद्र सरकार पर बन्ना गुप्ता का हमला
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के इस नये कानून से झारखंड पर आर्थिक असर पड़ेगा, जिसका सीधा असर राज्य सरकार द्वारा जनता के लिए संचालित लाभकारी योजनाओं पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि झारखंड के बीजेपी विधायक और सांसद राज्य की स्थिति से अवगत हैं, ऐसे में उनके द्वारा इस अधिनियम का विरोध होना चाहिए था. उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर पार्टी ने आंदोलन की रुपरेखा तैयार की है. घोषित आंदोलन के तहत कई चरणों में धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित होंगे.
चरणबद्ध तरीके से होंगे धरना-प्रदर्शन
दरअसल, 27 अगस्त 2026 को पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त कार्यालय में धरना-प्रदर्शन होगा एवं राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा जाएगा. दूसरे चरण में आगामी 7 सितंबर 2026 को रांची में लोकभवन के समक्ष महाधरना कार्यक्रम होगा. तीसरे चरण में 9 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित होगा.
राज्य के अधिकारों पर हमला का आरोप
पूर्व मंत्री ने बताया कि एमएमडीआर 2026 संशोधन विधेयक झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास है. कांग्रेस, केंद्र सरकार के इस मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी.
राम मंदिर और मिलावट पर भाजपा पर निशाना
वहीं बन्ना गुप्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर की आस्था के साथ भी अन्याय हुआ है, इसका जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि आज मिलावट का दौर चल रहा है, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है, जिससे वाहनों पर असर पड़ रहा है.
महंगाई को लेकर पीएम पर हमला
साथ ही चीनी के दाम में बढ़ोत्तरी की गई है जबकि किसान को कोई लाभ नहीं हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आज प्रधानमंत्री ही देश को डुबाने में लगे हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अभी भाजपा में दो तरह की विचारधारा चल रही है. दोनों में कम्पटीशन चल रहा है एक तरफ प्रधानमंत्री तो दूसरी तरफ नितिन गडकरी दोनों अपने अपने तरीके से लूटने का काम कर रहे हैं. जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी.
ये भी पढ़ें- कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर, जानिए क्या है कारण
बन्ना गुप्ता ने अपनी हार के लिए सरयू राय पर लगाया बड़ा आरोप, मिला ये जवाब

