'बांकीपुर में जीत उतनी ही निश्चित है, जितना पूर्व दिशा से सूर्य का उगना', BJP कैंडिडेट के पक्ष में NDA की एकजुटता
बांकीपुर में बीजेपी उम्मीदवार की नामांकन सभा में एनडीए की एकजुटी दिखी. तमाम नेताओं ने एक सुर में अभिषेक सिन्हा को जिताने की अपील की.

Published : July 9, 2026 at 6:05 PM IST
पटना: बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है. आज भारतीय जनता पार्टी के कैंडिडेट अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने पर्ची दाखिल किया है. वहीं नामांकन के बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित जनसभा में एनडीए की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का भव्य प्रदर्शन किया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
पांचों दलों के नेताओं ने दिखाई एकजुटता: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा की जीत उतनी ही निश्चित है, जितना पूर्व दिशा से सूर्य का उदय होना. उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के साथ है तथा बांकीपुर में एक बार फिर एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा.
"उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नितिन नबीन को भाजपा ने बड़े पद पर रखा है और बांकीपुर की जनता अपने फैसले से केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त कर सकती है. ऐसे में आपलोग रिकॉर्ड मतों से अभिषेक को जिताइये."- उपेंद्र कुशवाहा, अध्यक्ष, राष्ट्रीय लोक मोर्चा
पीके के बहकावे में आने वाली नहीं है जनता: जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने प्रशांत किशोर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव के दौरान प्रशांत लंबे-चौड़े दावे कर रहे थे और खुद जीरो पर आउट हो गए. प्रशांत किशोर ने कहा था कि जेडीयू 25 के अंदर सिमट जाएगा लेकिन उसके बाद भी राजनीति से संन्यास लेने की बजाय बहरूपिया बनकर चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन बांकीपुर की जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है. संजय झा ने अभिषेक को जिताने की अपील की.

"अभिषेक कुमार भाजपा के प्रत्याशी हैं लेकिन वे पूरे एनडीए परिवार के साझा उम्मीदवार हैं. बहुत से लोग यह कह रहे हैं कि इस चुनाव से सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ना है. यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है कि पूरे देश की निगाहें चुनाव पर टिकी है. चुनाव में जीत या हार का मतलब यह समझ जाएगा कि बंगाल विजय के बाद अभियान थम गया."- संजय झा, कार्यकारी अध्यक्ष, जेडीयू
अभिषेक बूथ स्तर के हैं कार्यकर्ता: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यहां बूथ स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता को भी टिकट देकर चुनाव लड़ाया जाता है. अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' इसका जीवंत उदाहरण हैं. उन्होंने कहा कि बांकीपुर पीढ़ियों से भाजपा का गढ़ रहा है और यहां के हर घर का भाजपा से आत्मीय संबंध रहा है.
"पिछले 15 वर्षों में बांकीपुर का जो विकास हुआ है, वह भाजपा और एनडीए सरकार की नीतियों का परिणाम है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हमेशा बांकीपुर की जनता के सुख-दुख में साथ रहे हैं और अब अभिषेक कुमार उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाएंगे."- संजय सरावगी, प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी
आज 182- बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव के लिए एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी श्री अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' जी ने नामांकन किया।
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) July 9, 2026
इस अवसर पर मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री @sanjay_saraogi जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद माननीय डॉ. रविशंकर प्रसाद जी, सांसद श्रीमती शांभवी चौधरी जी, जेडीयू… pic.twitter.com/1Dc91dbAVH
लोजपा ने भी किया प्रचार: लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता संजय पासवान ने कहा कि एनडीए पूरी तरह संगठित और मजबूत है. उन्होंने कहा कि मुकाबले में कोई चुनौती दिखाई नहीं देती लेकिन चुनाव को हमेशा गंभीरता से लड़ना चाहिए. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बूथ स्तर तक जाकर प्रत्येक मतदाता से संपर्क करें और अभिषेक कुमार को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं.
हम ने भी जिताने की अपील की: वहीं, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एनडीए की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूर्ण समन्वय के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता विकास, विश्वास और सुशासन के पक्ष में मतदान कर एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक विजय दिलाएगी.

क्या कहते हैं जानकार?: राजनीतिक विश्लेषक डॉक्टर संजय कुमार कहते हैं कि तमाम नेताओं के निशाने पर प्रशांत किशोर है. इससे साफ है कि एनडीए नेताओं को प्रशांत किशोर से खतरा नजर आ रहा है. प्रशांत किशोर को लेकर जिस तरीके से एनडीए के नेताओं ने एकजुट होकर हमला बोला, उससे स्पष्ट है कि प्रशांत किशोर लड़ाई में दिख रहे हैं. जो संकेत मिल रहे हैं उसके मुताबिक प्रशांत किशोर भाजपा को कड़ी तक कर दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें: प्रशांत..बंटी..रेखा या वीणा.. नितिन नवीन की छोड़ी गई कुर्सी पर किसका होगा कब्जा?

