बिहार में बांग्लादेशी घुसपैठिया गिरफ्तार, नाबालिग लड़की को लव ट्रैप में फंसा कर हुआ था फरार
नवादा में पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया, जो 14 वर्षीय नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर असम ले गया था. पढ़ें पूरी खबर-

Published : January 9, 2026 at 12:05 PM IST
नवादा: बिहार के नवादा जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. कौआकोल थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाले बंग्लादेशी आरोपी जहीरुल इस्लाम को नवादा के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
सोशल मीडिया से शुरू हुई मुलाकात: यह घटना कौआकोल के पाली गांव की है, जहां 14 साल की एक किशोरी सोशल मीडिया पर जहीरुल इस्लाम के संपर्क में आई. आरोपी ने ऑनलाइन बातचीत के जरिए उसे इमोशनली अपने करीब लाया और विश्वास जीत लिया. इसके बाद वह नवादा आया और लड़की को साथ लेकर फरार हो गया.
बांग्लादेशी घुसपैठिया है आरोपी: जांच में पता चला कि जहीरुल इस्लाम बांग्लादेश का निवासी है और हारमुज अली का बेटा है. वह अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर चुका था. फरारी के दौरान वह लड़की को लेकर असम के नागांव जिले में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के पास रहने लगा. स्थानीय थाने में उसका नाम घुसपैठियों की सूची में दर्ज था.
लड़की के परिजनों ने दर्ज कराया मामला: लड़की के गायब होने पर परिवार ने 18 फरवरी 2025 को कौआकोल थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और कई सुरागों के आधार पर खोजबीन शुरू कर दी.
आठ महीने बाद मिली नाबालिग: कड़ी मेहनत के बाद 15 अक्टूबर 2025 को पुलिस टीम ने असम के कछुआ थाना क्षेत्र के खेरनी मजगांव में छापा मारकर नाबालिग को एक झोपड़ी से बचाया. कोर्ट में बयान के बाद उसे परिवार को सौंप दिया गया.
दोबारा भगाने आया आरोपी: लड़की की वापसी के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी रही. वह फिर से नाबालिग से मिलने और ले जाने की फिराक में नवादा पहुंचा था, तभी बस स्टैंड से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने इसकी पुष्टि की है. मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया चल रही है.
"न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद लड़की को परिजनों को सौंप दिया गया था. लड़की की बरामदगी के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी. आखिरकार उसे नवादा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया."-उमाशंकर सिंह, थानाध्यक्ष, कौआकोल
ये भी पढ़ें-
बिहार में म्यांमार के 6 नागरिक गिरफ्तार, इंडो-नेपाल बार्डर से SSB ने पकड़ा, फर्जी कागजात बरामद

