बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून हसन के बारे में एक और खुलासा, हिंदू महिला का धर्मांतरण कराया, फरजाना अख्तर रखा नाम
फरजाना अख्तर बनी रीना ने अपने पूर्व पति के नाम से बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून हसन के भारतीय दस्तावेज बनवा दिए, पुलिस कर रही जांच

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : November 24, 2025 at 10:57 AM IST
देहरादून: हिंदू महिला की आड़ में फर्जी तरीके से भारत का नागरिक बनकर रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून के बारे में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. अब इसके बारे में अवैध धर्मांतरण का खुलासा हुआ है. बांग्लादेशी घुसपैठिया मामून 21 नवंबर को देहरादून पुलिस के हत्थे चढ़ा था.
बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून ने कराया था हिंदू महिला का धर्मांतरण: बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून की गिरफ्तारी के मामले में अवैध धर्मांतरण का मामला भी सामने आया है. हिंदू महिला का धर्मांतरण किए जाने के संबंध में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं. हिंदू महिला के मुस्लिम नाम से बने बांग्लादेशी दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं. आरोपी ने बांग्लादेश में अपनी हिंदू प्रेमिका को फरजाना अख्तर बनाकर उससे निकाह किया था. उसके बाद निकाह कर अवैध रूप से भारत आया था.

फरजाना अख्तर बनी हिंदू महिला के धर्मांतरण में गिरोह का हाथ होने की आशंका: इस मामले में धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का हाथ होने की भी आशंका जताई जा रही है. साथ ही धर्मांतरण का मामला सामने आने पर पुलिस पूरे प्रकरण में सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच कर रही है.
बांग्लादेशी घुसपैठिया ममून हसन हिंदू महिला के पति के नाम से देहरादून में रह रहा था: बता दें कि थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस और एलआईयू ने 20 नवंबर को सूचना के आधार पर नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून हसन निवासी मेहरपुर बांग्लादेश और रीना चौहान निवासी त्यूणी देहरादून को गिरफ्तार किया था. दोनों वर्तमान में अलकनंदा एंक्लेव में किराए के मकान में रह रहे थे. ममून 2019, 2020 ओर 2021 में तीन बार टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर देहरादून में रीना से मिला था.
बांग्लादेश में रीना का धर्मांतरण करके फरजाना अख्तर नाम रखा: साल 2022 में ममून हसन रीना को अवैध रूप से सीमा पार कर कर बांग्लादेश ले गया. दोनों ने शादी कर ली. ममून हसन ने रीना को अवैध रूप से बांग्लादेश ले जाने के बाद उसका धर्मांतरण कराया और उसका नया नाम फरजाना अख्तर रख दिया. कुछ दिन बांग्लादेश में रहने के बाद आरोपी और रीना चौहान उर्फ फरजाना अख्तर अवैध रूप से सीमा पार करके देहरादून आ गए.
रीना ने पति के नाम से बनवाए ममून हसन के दस्तावेज: अवैध रूप से देहरादून पहुंचे आरोपी को बचाने के लिए रीना ने अपने पहले पति के नाम से उसके फर्जी दस्तावेज भी बनवा दिए. रीना ने यह दस्तावेज कहां से बनवाए, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है. क्योंकि फर्जी दस्तावेज साल 2022 में बनाए गए थे.
एसएसपी ने ये कहा: एसएसपी अजय सिंह ने बताया है कि-
भारतीय नागरिक के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक ममून हसन की गिरफ्तारी के प्रकरण में दून पुलिस द्वारा लगातार बांग्लादेश में संबंधित एजेंसी से संपर्क कर पूरे प्रकरण से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण कड़ियों को जोड़ा जा रहा है. जांच के दौरान पुलिस को पूरे प्रकरण से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज प्राप्त हुए हैं. इन तथ्यों से सह अभियुक्ता रीना चौहान के धर्म बदलकर बनाए गए फर्जी बांग्लादेशी प्रमाण पत्र पुलिस के हाथ लगे. इनमें आरोपी ने रीना चौहान को फरजाना अख्तर बनाकर उससे बांग्लादेश में निकाह किया था. साथ ही पूरे मामले में धर्मांतरण का प्रकरण सामने आने पर पुलिस द्वारा हर पहलू से अभियोग की विस्तृत जांच की जा रही है.
-अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून-
अवैध धर्मांतरण में यूपी से पकड़ा गया था छांगुर बाबा: गौरतलब है कि यूपी एटीएस ने इसी साल जुलाई के महीने में धर्मांतरण गिरोह चलाने के आरोप में छांगुर बाबा को गिरफ्तार किया था. बाद में अवैध लेनदेन के आरोप में ईडी ने उसे अपनी गिरफ्त में लिया था. ED ने इस मामले में कुल 15 जगहों पर छापेमारी की थी. इन छापेमारियों के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों को जब्त किया गया, जो अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी बताई गई थीं. छांगुर बाबा के अवैध धर्मांतरण गैंग को लेकर उत्तराखंड में भी छापेमारी हुई थी. यहां से कुछ आरोपियों को पूछताछ के लिए यूपी एटीएस ले गई थी.
ये भी पढ़ें:
- देहरादून की महिला ने पति छोड़ बांग्लादेशी ममून से किया निकाह, फर्जी कागजात बनवाए, दोनों गिरफ्तार
- बांग्लादेश की मरियम बनी स्वाति उपाध्याय, सना बनी शिवली, शादी करके देहरादून में बसा लिया घर, अब हुईं गिरफ्तार
- उत्तराखंड में दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, अब डिपोर्ट कर भेजा जाएगा वापस
- ऑपरेशन कालनेमि: शंकर और मोहन बनकर रह रहे दो बांग्लादेशी गिरफ्तार, 126 ढोंगियों पर हुई कार्रवाई
- ऑपरेशन कालनेमि: पुलिस के हत्थे चढ़ा बांग्लादेशी नागरिक, अवैध रूप से रहकर चला रहा था बंगाली क्लीनिक

