जूली बोले- ट्रंप भारत के पीएम का मजाक बना रहे, बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर भी भाजपा चुप है
बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर भाजपा सरकार एक शब्द नहीं बोल रही. पीएम मोदी का मजाक बनाना 140 करोड़ लोगों का अपमान.

Published : January 9, 2026 at 7:15 PM IST
अलवर: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि पड़ोसी देश बांग्लादेश में रोजाना हिंदुओं की हत्या की जा रही है, लेकिन भाजपा सरकार इन हत्याओं पर एक भी शब्द बोलने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के प्रधानमंत्री नहीं हैं, बल्कि वे पूरे भारत के पीएम हैं. ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत के प्रधानमंत्री मोदी का मजाक बनाना देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है. उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि 'मनरेगा' खत्म कर 'जी राम जी' योजना लाना गरीब व मजदूरों के हितों के विपरीत है. जूली ने आरोप शुक्रवार को अलवर में मीडिया से बातचीत में लगाया.
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा भारत को विश्व गुरु बनाने का दावा करती है, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं पर चुप्पी साध लेती है. वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री मोदी को लेकर तरह-तरह के बयान देते रहते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री की ओर से इन बयानों पर चुप्पी साध ली जाती है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं और उनका किसी विदेश के शासनाध्यक्ष द्वारा अपमान करना पूरे देश का अपमान है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में भारत के प्रधानमंत्री का अपमान सहन नहीं करेगी. जूली ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाए और देश के सम्मान की रक्षा करे.
प्रतिपक्ष नेता जूली ने कहा कि कांग्रेस को 'मनरेगा' खत्म करने पर ऐतराज है. उन्होंने कहा कि मनरेगा खत्म कर देने से अब गांवों में गरीब व मजदूरों का रोजगार प्रभावित होगा. उन्होंने कहा कि मनरेगा में मजदूरी का पूरा पैसा केन्द्र सरकार देती थी. वहीं, योजना में केन्द्र व राज्य की हिस्सेदारी 90 और 10 प्रतिशत राशि की थी. अब 'जी राम जी' योजना में केन्द्र केवल 60 प्रतिशत राशि देगा और 40 फीसदी राज्यों को देना होगा, जबकि राज्य सरकारों की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है.
पढ़ें : मनरेगा बदलाव के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर, 45 दिन के संग्राम की घोषणा
उन्होंने कहा कि राजस्थान में प्रदेश सरकार की हालत यह है कि सामाजिक कल्याण की योजनाओं में पात्र लोगों को समय पर पैसा ही नहीं दे पा रही है. उन्होंने कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाओ संघर्ष के तहत सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाएगी. उन्होंने कहा कि मनरेगा एक्ट खत्म करने के विरोध में कांग्रेस 12 से 29 जनवरी तक गांव-ढाणियों तक जाकर लोगों को इस बारे में बताएगी और आंदोलन करेगी. इसके बाद भी पार्टी की ओर से आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा.
कांग्रेस गरीब, किसान, मजदूर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी - जितेन्द्र सिंह : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ेगी. उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा केन्द्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं की आत्मा से छेड़छाड़ कर रही है. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) जैसी ऐतिहासिक और गरीबों के लिए जीवनरेखा साबित हुई योजना का नाम बदलने की कोशिश सिर्फ राजनीतिक द्वेष का परिणाम है.
जितेंद्र सिंह ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के करोड़ों गरीब परिवारों के सम्मान और रोजगार की गारंटी है. केन्द्र की भाजपा सरकार इसका नाम बदलकर महात्मा गांधी की सोच और विरासत को मिटाना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नाम बदलने और प्रतीकात्मक राजनीति कर रही है. जबकि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार चुप्पी साधे हुए है और जनता को गुमराह करने के लिए योजनाओं और संस्थानों के नाम बदले जा रहे हैं.

