ETV Bharat / state

इन 4 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में जमीन-खरीद बिक्री पर रोक, नहीं होंगे नए निर्माण कार्य

बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. चार ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में जमीन की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है. पढ़ें..

GREENFIELD SATELLITE TOWNSHIPS
सैटलाइट टाउनशिप में जमीन-खरीद बिक्री पर रोक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 6, 2026 at 1:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सीतामढ़ी: बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को विकसित किया जाएगा. इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस बीच नगर विकास एवं आवास विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. अधिसूचना जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि 4 सैटेलाइट टाउनशिप में मास्टर प्लान बनने तक भूमि हस्तांतरण, विकास कार्य और नए भवन निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

4 सैटेलाइट टाउनशिप में रोक: अधिसूचना के मुताबिक 30 जून 2027 तक भागलपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा और सीतामढ़ी में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में न तो जमीन की खरीद-बिक्री होगी और न ही किसी प्रकार के नए निर्माण कार्य होंगे.

Sitapuram satellite townships
सीतामढ़ी में होगा सीतापुरम सैटलाइट टाउनशिप डेवलप (ETV Bharat)

नगर विकास एवं आवास विभाग का कहना है कि यह कदम प्रस्तावित टाउनशिप के सुनियोजित और व्यवस्थित विकास को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है. यह आदेश 26 जून 2026 से प्रभावी अधिसूचना के तहत लागू किया गया है और इसका उद्देश्य टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार होने तक क्षेत्र में अनियोजित विकास को रोकना है.

अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय बिहार शहरी आयोजन तथा विकास अधिनियम, 2012 की धारा 9(7) तथा बिहार शहरी आयोजन एवं विकास नियमावली, 2014 के नियम 9(8) के तहत लिया गया है. इसके साथ ही यह अधिसूचना विभाग के संकल्प संख्या-6608, दिनांक 19 जून 2026 के साथ सहपठित होगी.

सीतामढ़ी आयोजन क्षेत्र का किया गया विस्तार: नगर विकास एवं आवास विभाग ने 26 जून 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से सीतामढ़ी आयोजन क्षेत्र का विस्तार किया है. इसी विस्तारित क्षेत्र के अंतर्गत सीतापुरम ग्रीन फील्ड सैटलाइट टाउनशिप का विशेष क्षेत्र निर्धारित किया गया है. जहां मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा.

कोर क्षेत्र में कौन-कौन शामिल: अधिसूचना के साथ जारी अनुसूची के अनुसार कोर क्षेत्र में मुख्य रूप से डुमरा प्रखंड के पुनौरा तथा सीतामढ़ी नगर निगम के वार्ड संख्या 6 और 7 को शामिल किया गया है. यही क्षेत्र प्रस्तावित सैटलाइट टाउनशिप का प्रमुख केंद्र माना जा रहा है. विशेष क्षेत्र में शामिल किए गए गांव
सरकार द्वारा अधिसूचित विशेष क्षेत्र में डुमरा प्रखंड के कई गांवों को शामिल किया गया है.

इनमें प्रमुख रूप से लोहड़िया, कोकना, मनियारी, बखरी, रामपुर परौली, बरहरवा, बनचौरी, खैरबा, हरिछपरा, बेरवास, भवप्रसाद, मुरादपुर, करनहिया, खरका, पुनौरा और मधुबन शामिल हैं. इसके अलावे सीतामढ़ी नगर निगम के वार्ड संख्या 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 19, 20 और 21 को भी विशेष क्षेत्र का हिस्सा बनाया गया है.

वहीं, परसौनी और रीगा के गांव भी दायरे में विशेष क्षेत्र का विस्तार केवल डुमरा तक सीमित नहीं रखा गया है. परसौनी प्रखंड के देमा गांव को भी इसमें शामिल किया गया है. रीगा प्रखंड के कई गांवों को भी अधिसूचित क्षेत्र में शामिल किया गया है इनमें पकड़ी, सिमरी, भोरहा, भगवानपुर, पिपराढ़ी, साखी, रेवासी, मकसूदपुर, भवदेपुर, मठवा, बलुआ, इजरहिया, भवानीपुर, रामनगर, नरसामा और अन्हारी सहित अन्य गांव शामिल हैं.

ये भी पढ़ें:

बिहार में बसेंगे 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, सम्राट सरकार का HUDCO के साथ MOU

टाउनशिप में जमीन देने वाले को इतना मिलेगा मुआवजा, CM सम्राट चौधरी ने की घोषणा

Explainer: 11 सैटेलाइट टाउनशिप से बिहार के लोगों को क्या मिलेगा, हर सवाल का जवाब यहां जानिए

Explainer: सरकार 55% जमीन वापस करेगी, चार गुना कीमत मिलेगी, फिर भी किसान इतने परेशान क्यों?