कानपुर में BAMS छात्र ने की आत्महत्या, वजह जानकर सिहर जाएंगे
परीक्षा के तनाव के बीच कानपुर के बिठूर रोड स्थित रामा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस छात्र ने जीवन लीला समाप्त कर ली.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 4:20 PM IST
कानपुर: कानपुर में शनिवार को शहर के बिठूर रोड स्थित रामा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस (BAMS) के छात्र ने फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया. अभी हाल ही में आईआईटी कानपुर के बीटेक छात्र जय सिंह ने कैम्पस के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी थी.
छात्र शैलेन्द्र कुमार के निधन की पुष्टि रामा समूह के सलाहकार निदेशक डॉ. प्रणव सिंह ने की. उन्होंने बताया कॉलेज बंद चल रहा है. चित्रकूट के रहने वाले छात्र शैलेन्द्र कुमार के सुसाइड नोट से ये जानकारी मिली. वह 2021 बैच का छात्र था.
उन्होंने कहा संस्थान परिजनों की हरसंभव मदद करेगा. साथ ही छात्र के मौत का कारण भी पता लगाएंगे.
बैक पेपर आने से परेशान था छात्र: शैलेन्द्र कुमार की मौत की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया छात्र अपनी पढ़ाई को लेकर तनाव में था. कुछ समय पहले ही उसे अपने बैक पेपर की जानकारी मिली थी.
वहीं, इस मामले में जब पुलिस ने शैलेन्द्र के दोस्तों से बात की, तो उन्होंने बताया उसका कभी किसी से विवाद नहीं होता था. केवल उसे अपनी पढ़ाई की फिक्र रहती थी. हालांकि ये जानकारी मिली है कि कुछ दिनों पहले हुई परीक्षाओं में भी वो शामिल नहीं हो सका था.
परिजनों ने उसे समझाया था, पर वो मन ही मन परेशान रहता था. शनिवार सुबह जब उसने बहुत देर तक कमरा नहीं खोला, तो हम सबने जाकर देखा, तो वो रस्सी के सहारे पंखे से लटक रहा था.
उधर IIT कानपुर में बीते दो सालों में 8 छात्रों ने सुसाइड किया है. साल 2025 में IIT कानपुर कैंपस के अंदर अब तक तीन छात्रों व एक सॉफ्टवेयर डेवलपर ने आत्महत्या कर ली. दिसंबर 2023 से जनवरी 2024 तक तीन छात्रों ने सुसाइड किया. इन आत्महत्याओं के पीछे सबसे बड़ी वजह पढ़ाई का तनाव बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें - आईआईटी कानपुर में सुसाइड रोकने की पहल, अब काउंसलर छात्रों का दुख-दर्द जानेंगे, डिप्रेशन से बाहर निकालेंगे

